Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की 27वीं क्षेत्रीय समिति की बैठक मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता ने की। इस दौरान कर्मचारी भविष्य निधि से जुड़े विभिन्न मुद्दों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विस्तार और लंबित मामलों की समीक्षा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों और उनके परिवारों को समय पर लाभ पहुंचाना तथा पीएफ सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाना था।
मृत्यु क्लेम के मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता
बैठक में श्रम सचिव हिमशिखर गुप्ता ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उद्योगों में होने वाली आकस्मिक मृत्यु के मामलों का त्वरित निपटारा किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पीड़ित परिवारों को जल्द राहत प्रदान की जानी चाहिए। उन्होंने मृत्यु क्लेम से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
निष्क्रिय पीएफ खातों की होगी पहचान
बैठक में निष्क्रिय या लंबे समय से उपयोग में नहीं आने वाले भविष्य निधि खातों पर भी चर्चा हुई। श्रम सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे खाताधारकों की पहचान कर उन्हें उनका बकाया भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इससे हजारों लाभार्थियों को उनकी जमा राशि प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रम को मिलेगा और विस्तार
श्रम सचिव ने निर्देश दिया कि राज्य के सभी 33 जिलों में प्रत्येक माह की 27 तारीख को आयोजित होने वाले ‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रम में जिला कलेक्टर, ईएसआईसी, सहायक श्रम आयुक्त, उप श्रम आयुक्त और अन्य संबंधित विभागों की अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों और नियोक्ताओं की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना है।
विभिन्न योजनाओं और प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा
बैठक का संचालन सदस्य सचिव एवं क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त जयवदन इंगले ने किया। उन्होंने संगठन की कार्यप्रणाली, न्यायालयीन मामलों, प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना, कर्मचारी पंजीकरण योजना 2025, ‘प्रयास’, ‘तत्पर’, कन्वर्जेंस बैठकों तथा नवीन साइट्स प्रोजेक्ट की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने सभी सदस्यों से अपील की कि वे अधिक से अधिक कर्मचारियों और नियोक्ताओं को ‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रम से जोड़ें।
सामाजिक सुरक्षा को मजबूत बनाने पर चर्चा
बैठक में छत्तीसगढ़ में ईपीएफ अधिनियम के अनुपालन, सामाजिक सुरक्षा लाभों के विस्तार, उपलब्धियों और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर उप केंद्रीय श्रमायुक्त बिधान चंद्र नायक, ईपीएफओ के उप निदेशक एन.के. पटनायक, रत्नेश राजन्या, उद्योग महासंघ के अध्यक्ष महेश कक्कड़, उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्विन गर्ग सहित कर्मचारी और नियोक्ता पक्ष के कई प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि इन प्रयासों से कर्मचारियों को बेहतर और तेज सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत बनेगी।
