Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस बल के लिए बनाए गए रजत जयंती पदक का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि यह पदक प्रदेश में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस के साहस, शौर्य और बलिदान की स्थायी पहचान बनेगा।
यह पदक छत्तीसगढ़ पुलिस बल के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर तैयार किया गया है। इसकी घोषणा 26 जनवरी, गणतंत्र दिवस के दिन की गई थी और आज इसे औपचारिक रूप से जारी किया गया।
मुख्यमंत्री ने क्या कहा
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ पुलिस ने कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने और नक्सल विरोधी अभियानों में असाधारण साहस दिखाया है। कई पुलिसकर्मियों ने प्रदेश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया है।
उन्होंने कहा कि यह रजत जयंती पदक पुलिस बल के समर्पण और सेवा भावना को हमेशा याद दिलाता रहेगा।
पदक की विशेषताएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह पदक गोल आकार का और चांदी के रंग का होगा। इसके आगे के भाग में साल वृक्ष और पीछे के भाग में पहाड़ी मैना का चित्र उकेरा गया है। पदक को रिबन के साथ वर्दी के बाईं ओर जेब के ऊपर लगाया जाएगा।
यह पदक वीरता पदकों और राष्ट्रपति द्वारा दिए जाने वाले सेवा पदकों के बाद वरीयता क्रम में धारण किया जाएगा।

प्रतीकों का अर्थ
पदक में बनी पहाड़ी मैना सतर्कता, निडरता, संवाद और टीम भावना का प्रतीक है। वहीं साल वृक्ष मजबूती, धैर्य, संरक्षण और प्रकृति से जुड़ाव का संदेश देता है।
साल वृक्ष छत्तीसगढ़ के बस्तर और सरगुजा अंचल में पूजनीय माना जाता है। इसी तरह यह पदक भी छत्तीसगढ़ पुलिस के समर्पण, सेवा और समाज के प्रति जिम्मेदारी का सम्मान करेगा।
कार्यक्रम में कौन-कौन रहे मौजूद
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव श्री विकास शील, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
