Chhattisgarh News: चुनावी संचार को मजबूत बनाने पर जोर, निर्वाचन आयोग ने आयोजित किया राष्ट्रीय मीडिया सम्मेलन

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: भारत निर्वाचन आयोग ने नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IIIDEM) में मीडिया एवं संचार अधिकारियों के लिए दूसरे एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया। इस सम्मेलन में देश के 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 260 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें मीडिया नोडल अधिकारी, सोशल मीडिया नोडल अधिकारी, जिला जनसंपर्क अधिकारी तथा राज्य जनसंपर्क विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। छत्तीसगढ़ से सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, जनसंपर्क विभाग के अपर संचालक और सभी 33 जिलों के जिला जनसंपर्क अधिकारियों ने सम्मेलन में भाग लिया।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने फेक न्यूज से सतर्क रहने का दिया संदेश

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की प्रत्येक प्रक्रिया संविधान, चुनावी कानूनों और आयोग के पारदर्शी दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित होती है। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक और फर्जी सूचनाओं से सतर्क रहने तथा तथ्यात्मक जानकारी के प्रभावी प्रसार के माध्यम से गलत सूचनाओं पर रोक लगाने में मीडिया एवं संचार अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने हालिया विधानसभा चुनावों में रिकॉर्ड मतदान प्रतिशत को भारतीय मतदाताओं के निर्वाचन प्रणाली पर मजबूत विश्वास का प्रतीक बताया।

एआई और डीपफेक की चुनौतियों पर हुआ मंथन

चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने डिजिटल युग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डीपफेक और भ्रामक डिजिटल सामग्री से उत्पन्न चुनौतियों का उल्लेख करते हुए अधिकारियों से आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इनका प्रभावी ढंग से मुकाबला करने का आह्वान किया। उन्होंने चुनावी साक्षरता क्लबों के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और जागरूक मतदाता बनाने की आवश्यकता पर भी विशेष बल दिया।

संचार रणनीति और सोशल मीडिया प्रबंधन पर मिला प्रशिक्षण

सम्मेलन के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों से जुड़ी संचार रणनीतियों, मतदाता सूची प्रबंधन, मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया, मीडिया प्रबंधन, प्रेस विज्ञप्ति लेखन, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग और फेक न्यूज प्रबंधन जैसे विषयों पर तकनीकी एवं व्यावहारिक सत्र आयोजित किए गए। प्रतिभागियों को समूहों में निर्वाचन प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रदर्शन भी कराया गया और हाल ही में चुनाव संपन्न कराने वाले राज्यों के अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का समापन प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ, जिसमें प्रभावी चुनावी संचार और मीडिया प्रबंधन की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों पर चर्चा की गई।