UP News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नबीन के पहली बार लखनऊ आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पुष्पगुच्छ भेंट कर और भगवा अंगवस्त्र पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रदेश सरकार के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों से परिचय भी कराया।
सीएम योगी ने ‘एक्स’ पर किया स्वागत संदेश साझा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर स्वागत संदेश साझा करते हुए लिखा कि प्रभु श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की पावन भूमि, संस्कृति, संस्कार और सृजन की साधना स्थली उत्तर प्रदेश में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। उन्होंने उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को महत्वपूर्ण बताया।
वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों की रही मौजूदगी
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित प्रदेश सरकार के कई कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर सुषमा खर्कवाल तथा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। एयरपोर्ट परिसर में कार्यकर्ताओं ने भी उत्साह के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया।
संगठनात्मक गतिविधियों को मिलेगी नई गति
नितिन नबीन का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके उत्तर प्रदेश प्रवास के दौरान पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों, आगामी रणनीति और विभिन्न बैठकों में भाग लेने की संभावना है। भाजपा नेतृत्व इस दौरे को संगठन को और मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाने की दिशा में अहम कदम मान रहा है।
