Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना छत्तीसगढ़ में सामाजिक समरसता, अंत्योदय और संवेदनशील शासन की भावना को साकार करने वाली एक ऐतिहासिक योजना है। उन्होंने कहा कि पहले गरीब परिवारों के लिए बेटी की शादी एक बड़ी चिंता होती थी, लेकिन इस योजना ने उस चिंता को सम्मान और भरोसे में बदल दिया है। मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
पूरे प्रदेश में एक साथ हुआ सामूहिक विवाह
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में कुल 6,412 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 1,316 नवविवाहित जोड़ों को मुख्यमंत्री ने स्वयं आशीर्वाद दिया। वहीं अन्य जिलों के जोड़े वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। इस ऐतिहासिक आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया है।
सामाजिक एकता और सर्वधर्म समभाव का उदाहरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल विवाह नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सर्वधर्म समभाव का उत्सव है। इस आयोजन में हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध और विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय के जोड़े अपने-अपने रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह बंधन में बंधे। यह छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और आपसी भाईचारे को दर्शाता है।
कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का शुभारंभ
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि पहले चरण में सरगुजा और बस्तर संभाग के आठ जिलों में इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए समाज की भागीदारी जरूरी है और सफल होने पर इस अभियान को पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।
जनकल्याणकारी योजनाओं से बदल रही है तस्वीर
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेशवासियों के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार ने दो वर्षों में मोदी की गारंटी के अधिकतर वादों को पूरा किया है। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए बोरा मूल्य में बढ़ोतरी, चरण पादुका योजना की वापसी, श्रीरामलला दर्शन योजना और भूमिहीन मजदूरों को आर्थिक सहायता जैसी योजनाएं लागू की गई हैं।
मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने बताया ऐतिहासिक आयोजन
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने की थी, जिसे अब मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।
कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि एक ही दिन में हजारों जोड़ों का विवाह मुख्यमंत्री की संवेदनशील सोच का प्रमाण है।
