UP News: यूपी में बनेगा एकीकृत ट्रॉमा नेटवर्क, हर जिले तक पहुंचेगी कैंसर इलाज की सुविधा

उत्तरप्रदेश
Spread the love

UP News: उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशव्यापी एकीकृत ट्रॉमा एवं इमरजेंसी नेटवर्क विकसित करने और प्रत्येक जिले तक कैंसर उपचार सुविधाओं का विस्तार करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक तकनीक, त्वरित उपचार, विशेषज्ञ डॉक्टरों और मजबूत रेफरल सिस्टम से लैस किया जाए, ताकि हर नागरिक को समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके।

‘गोल्डन ऑवर’ में इलाज सुनिश्चित करने की योजना

मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपात स्थितियों में घायल मरीजों को ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। इसके लिए मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों, ट्रॉमा सेंटरों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को जोड़कर प्रदेशव्यापी उत्तर प्रदेश ट्रॉमा एवं इमरजेंसी नेटवर्क (UPTEN) विकसित किया जाएगा। इस नेटवर्क का लक्ष्य राज्य की लगभग 95 प्रतिशत आबादी तक 60 मिनट के भीतर विशेषज्ञ आपात चिकित्सा सुविधा पहुंचाना है।

एआई आधारित डिजिटल रेफरल सिस्टम होगा विकसित

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित डिजिटल रेफरल प्रणाली विकसित की जाए, जिससे एम्बुलेंस, अस्पतालों में बेड की उपलब्धता, डॉक्टरों और उपचार सुविधाओं की वास्तविक समय (रियल टाइम) में निगरानी की जा सके। राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर त्वरित चिकित्सा सहायता को भी और मजबूत किया जाएगा, ताकि दुर्घटना के बाद इलाज में देरी न हो।

हर जिले में कैंसर उपचार, हर मंडल में आधुनिक कैंसर सेंटर

बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के प्रत्येक जिले में चरणबद्ध तरीके से कैंसर उपचार सुविधाएं विकसित करने और प्रत्येक मंडल में आधुनिक कैंसर केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कैंसर की रोकथाम, समय पर स्क्रीनिंग, शीघ्र निदान और गुणवत्तापूर्ण उपचार पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही तंबाकू जनित कैंसर की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों तक नियमित कैंसर स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

10 साल के कैंसर मिशन पर होगा काम

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 से 2036 तक के लिए 10 वर्षीय राज्य कैंसर रोडमैप तैयार किया गया है। यह मिशन रोकथाम एवं स्क्रीनिंग, निदान, उपचार, पैलिएटिव केयर, डिजिटल हेल्थ, कैंसर रजिस्ट्री, क्षमता निर्माण, अनुसंधान और समन्वित ऑन्कोलॉजी सेवाओं सहित आठ प्रमुख स्तंभों पर आधारित होगा। बाल्यावस्था कैंसर के लिए भी विशेष उपचार सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

इमरजेंसी सेवाओं को बताया अस्पतालों की रीढ़

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इमरजेंसी सेवाएं किसी भी अस्पताल की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होती हैं। उन्होंने एम्बुलेंस के रिस्पॉन्स टाइम को और बेहतर बनाने, विशेषज्ञ डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों की उपलब्धता बढ़ाने तथा मेडिकल शिक्षा संस्थानों में अनुसंधान और नवाचार को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और आयुष विभाग को मिलकर कैंसर जागरूकता अभियान चलाने तथा स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित खानपान और शुद्ध पेयजल के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया।