Cab सेवाओं में महिला यात्रियों को कैब बुक करते समय महिला ड्राइवर चुनने का विकल्प दिया जाएगा।
Cab News: दिल्ली, मुंबई, पुणे, कोलकाता, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद और चंडीगढ़ जैसे बड़े शहरों में अब महिला यात्रियों के लिए कैब सेवाओं (Cab Services) में एक बड़ा बदलाव आने वाला है। केंद्र सरकार ने निर्देश दिया है कि ऐप आधारित कैब सेवाओं जैसे ओला, उबर और रैपिडो में अब महिलाएं बुकिंग के दौरान महिला ड्राइवर (Female Drivers) चुनने का विकल्प प्राप्त कर सकेंगी। यह सुविधा विशेष रूप से रात में अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए लागू की जाएगी। पढ़िए पूरी खबर…

महिला यात्रियों के लिए सुरक्षित विकल्प
रात में अकेले सफर करना अब महिलाओं के लिए पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित और भरोसेमंद हो सकता है। केंद्र सरकार ने ओला, उबर और रैपिडो जैसी ऐप-आधारित कैब सेवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है, जो महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा दोनों को बढ़ावा देगा। लंबे समय से अकेले कैब सफर करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठते रहे हैं, और अब इस दिशा में एक राहत भरा कदम उठाया गया है। इन सेवाओं को बुकिंग के दौरान महिला यात्रियों को महिला ड्राइवर चुनने का विकल्प उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया है। सरकार का मानना है कि इससे महिलाओं को अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय यात्रा अनुभव मिलेगा।
उपलब्धता पर आधारित नई सुविधा
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा जारी इस निर्देश के अनुसार, महिला यात्रियों को यह ऑप्शन तभी मिलेगा जब संबंधित इलाके में महिला ड्राइवर उपलब्ध होंगी। यानी यह सुविधा पूरी तरह उपलब्धता पर निर्भर होगी, लेकिन जहां भी संभव हो, वहां महिलाओं को अपनी पसंद की ड्राइवर चुनने की स्वतंत्रता दी जाएगी। खासकर देर रात अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं के लिए इसे एक मजबूत सुरक्षा कवच माना जा रहा है।
राज्यों को लागू करने के निर्देश
केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को भी निर्देश दिए हैं कि वे ऐप-आधारित कैब सेवाओं के लिए इन नए नियमों को जल्द लागू करें। हालांकि, इन नियमों को अमल में लाने की कोई स्पष्ट समय-सीमा अभी तय नहीं की गई है। इससे पहले जुलाई 2025 में सरकार ने मोटर व्हीकल एग्रीगेटर्स के लिए मूल दिशा-निर्देश जारी किए थे, जिसमें राज्यों को इन्हें लागू करने के लिए तीन महीने का समय दिया गया था। अब महिला सुरक्षा से जुड़े इस नए प्रावधान को उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण विस्तार के रूप में देखा जा रहा है।
ये भी पढ़ेंः New Airlines: भारत में 3 नई एयरलाइंस की एंट्री, जानिए क्या हैं कंपनियों के नाम और मालिक समेत पूरी डिटेल्स?
ड्राइवर टिप नियमों में बदलाव
महिला यात्रियों के साथ-साथ सरकार ने ड्राइवरों से जुड़े नियमों में भी संशोधन किया है। अब कैब यात्रा पूरी होने के बाद यात्री अपनी इच्छा से ड्राइवर को टिप दे सकेंगे। टिप देना पूरी तरह स्वैच्छिक होगा और इसे बुकिंग या यात्रा के दौरान किसी भी तरह से जोड़ा नहीं जाएगा। ऐप में टिप देने का विकल्प केवल ट्रिप समाप्त होने के बाद ही दिखाई देगा। इसके अलावा, सरकार ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों से प्राप्त होने वाली पूरी टिप ड्राइवर की ही होगी और उस पर किसी कंपनी का कोई दावा नहीं होगा। इससे ड्राइवरों की कमाई में पारदर्शिता आएगी और उन्हें बेहतर प्रोत्साहन मिलेगा।
ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
किराए और शुल्कों पर सख्त नियम
इससे पहले 1 जुलाई को मंत्रालय ने डायनामिक प्राइसिंग के लिए भी मार्ग प्रशस्त किया था। इसके तहत कंपनियां राज्य द्वारा निर्धारित बेस फेयर से 50 प्रतिशत तक कम चार्ज कर सकती हैं। पीक आवर्स के दौरान अधिकतम किराया बेस फेयर का दोगुना से अधिक नहीं हो सकता। नए नियमों के अनुसार, यात्रियों से केवल तय की गई दूरी का किराया लिया जाएगा। ‘डेड माइलेज’ (ड्राइवर के यात्री तक पहुंचने की दूरी) के लिए यात्री से कोई शुल्क नहीं वसूला जाएगा, सिवाय इसके जब राइड की दूरी 3 किलोमीटर से कम हो।
ये भी पढ़ेंः Vaishno Devi Yatra: नए साल पर बदल गए हैं मां वैष्णो देवी दर्शन के नियम, अब 24 घंटे में करना होगा ये काम
उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
मंत्रालय ने सख्त चेतावनी जारी की है कि यदि एग्रीगेटर्स अनुचित किराया वसूलते हैं या डायनामिक प्राइसिंग के नियमों का उल्लंघन करते हैं, तो उनका लाइसेंस निलंबित या रद्द किया जा सकता है। ये बदलाव न केवल महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे, बल्कि कैब सेवाओं को अधिक पारदर्शी और यात्री-अनुकूल बनाने में भी मददगार साबित होंगे।

