Bihar News: पटना के गांधी मैदान में आयोजित बिहार गृह रक्षा वाहिनी के नव-नामांकित गृह रक्षकों के पासिंग आउट परेड समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और जवानों की सलामी ली।
मुख्यमंत्री ने नवप्रशिक्षित जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि गृह रक्षा वाहिनी का मजबूत और आधुनिक स्वरूप बिहार की प्रगति, विकास और बेहतर कानून व्यवस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इन जवानों का प्रशिक्षण, अनुशासन और समर्पण राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाएगा।
विकसित बिहार के निर्माण में होगी अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकसित बिहार के सपने को साकार करने में पुलिस बल और गृह रक्षा वाहिनी की बड़ी भूमिका होगी। सुरक्षित वातावरण के बिना विकास संभव नहीं है और प्रशिक्षित होमगार्ड जवान इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
चुनावों में होमगार्ड की भूमिका सराहनीय
मुख्यमंत्री ने बताया कि लोकसभा चुनाव 2024 में लगभग 1.10 लाख होमगार्ड जवानों ने अपनी जिम्मेदारी निभाई और चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। वहीं विधानसभा चुनाव 2025 में लगभग 44 हजार जवानों ने सफलतापूर्वक अपनी सेवाएं दीं।
होमगार्ड जवानों का बढ़ाया गया भत्ता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 3 सितंबर 2025 से होमगार्ड जवानों का दैनिक भत्ता 774 रुपये से बढ़ाकर 1121 रुपये कर दिया है। सरकार सुरक्षा बलों के हितों और सुविधाओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और भविष्य में भी उनके कल्याण के लिए कदम उठाए जाते रहेंगे।
अपराधियों के लिए बिहार में कोई स्थान नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के 13 करोड़ लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों के लिए राज्य में कोई जगह नहीं होगी।
छात्राओं की सुरक्षा के लिए ‘पुलिस दीदी’ तैनात होंगी
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि स्कूलों और कॉलेजों के आसपास स्कूटी और मोटरसाइकिल पर सवार “पुलिस दीदी” तैनात की जाएंगी। इससे छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षित वातावरण मिलेगा।
कठिन प्रशिक्षण की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि 40 डिग्री से अधिक तापमान में जवानों ने अनुशासन और समर्पण के साथ प्रशिक्षण पूरा किया है, जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि बिहार स्पेशल आर्म्ड फोर्स और पैरामिलिट्री बलों के समान होमगार्ड जवानों को भी आधुनिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कमांडो प्रदर्शन ने किया प्रभावित
समारोह के दौरान गृह रक्षा वाहिनी के प्रशिक्षित महिला और पुरुष कमांडो ने अपने कौशल और करतब का प्रदर्शन किया। गृह रक्षकों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, गृह विभाग के सचिव कुंदन कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
