Bihar News

Bihar News: पटना में महिला सुरक्षा पर अभियोजन पदाधिकारियों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

बिहार
Spread the love

Bihar News: गृह विभाग के अंतर्गत अभियोजन निदेशालय, बिहार पटना के सभा कक्ष में शनिवार को “महिला सुरक्षा” विषय पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम का आयोजन अभियोजन निदेशालय द्वारा किया गया है, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से नामित कुल 25 अभियोजन पदाधिकारी भाग ले रहे हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ कार्यक्रम

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री शलिलेश कुमार, पूर्व निदेशक अभियोजन उपस्थित रहे। इसके अलावा श्री रंजीत शंकर प्रसाद, वरीय विधि पदाधिकारी, गृह विभाग बिहार, श्री भूपेन्द्र नारायण सिंह, पूर्व जिला अभियोजन पदाधिकारी तथा श्री ब्रजेश पाण्डेय, विधि पदाधिकारी, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना भी मौजूद थे।

महिला मामलों में संवेदनशीलता के साथ काम करने की अपील

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रविकान्त देव, उपनिदेशक, अभियोजन निदेशालय, बिहार ने की। उन्होंने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने कहा कि अभियोजन पदाधिकारियों को अपनी कार्यशैली को और अधिक मजबूत बनाते हुए महिला से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए, ताकि महिलाओं को वर्तमान कानूनों के तहत त्वरित न्याय मिल सके।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री रंजीत शंकर प्रसाद, वरीय विधि पदाधिकारी, गृह विभाग बिहार ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक प्रशिक्षण नहीं बल्कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मिशन है।

उन्होंने पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे अभियोजन पदाधिकारियों को महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों को बेहतर ढंग से समझने और उनका प्रभावी निपटारा करने में मदद मिलेगी।

ज्ञान और कौशल को विकसित करने पर जोर

मुख्य अतिथि श्री शलिलेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि अभियोजन पदाधिकारियों को अपने भीतर ज्ञान, कौशल और सकारात्मक मनोवृत्ति को विकसित करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण केवल विधिक ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य अधिकारियों को संवेदनशील बनाना भी है ताकि वे अपने कार्यस्थल पर पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन

कार्यक्रम के अंत में श्री धर्मेश कुमार, प्रभारी निदेशक, अभियोजन निदेशालय, बिहार, पटना ने मंचासीन अतिथियों, प्रतिभागियों तथा निदेशालय के सभी पदाधिकारियों और कर्मियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर श्री अरविन्द कुमार, सहायक निदेशक, श्री राजेश कुमार, सहायक अभियोजक, श्रीमति सीमा शर्मा, अभियोजन पदाधिकारी, सुश्री रागिनी कुमारी, अभियोजन पदाधिकारी, नेयाज अहमद, अभियोजन पदाधिकारी, श्री रंजय कुमार, प्रशाखा पदाधिकारी, श्री आलोक कुमार, सहायक प्रशाखा पदाधिकारी तथा श्री ईशाद आलम, प्रोग्रामर सहित अभियोजन निदेशालय के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।