Bihar News: भवन निर्माण विभाग की ओर से राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 2615 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कार्य जारी है। इनमें से अब तक 450 से अधिक भवनों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। विभाग ने अगले 2–3 महीनों में 1000 से अधिक भवनों का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
गुणवत्ता जांच के लिए विशेष अभियान
निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। सामान्य क्षेत्रों में पंचायत सरकार भवन का निर्मित क्षेत्रफल 7202 वर्गफीट तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 9538 वर्गफीट निर्धारित किया गया है। अब तक 100 भवनों का हस्तांतरण प्रशासी विभाग को किया जा चुका है।
हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने शेष भवनों का निर्माण मिशन मोड में पूरा करने और हैंडओवर प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और कमी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
साप्ताहिक निरीक्षण और समीक्षा का निर्देश
सचिव ने अभियंताओं को तय लक्ष्य के अनुसार निर्माण कार्य पूरा करने को कहा है। गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के लिए साप्ताहिक स्थल निरीक्षण और संवेदकों के साथ नियमित समीक्षा बैठक करने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही निर्माण सामग्री मानक के अनुरूप उपयोग करने पर जोर दिया गया है।
ग्रामीण विकास को मिलेगा बढ़ावा
पंचायत सरकार भवनों का निर्माण ग्रामीण विकास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इन भवनों में राज्य सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही सुविधाएं मिल सकेंगी।
इन भवनों में पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिव, सरपंच, राजस्व कर्मचारी और अन्य कर्मियों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था होगी, जिससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और सुगमता आएगी।
