Bihar News

Bihar News: बिहार के मेडिकल कॉलेजों को मिली 446 विशेषज्ञ चिकित्सकों की सौगात, सीनियर रेजिडेंट और ट्यूटर की नियुक्ति

बिहार
Spread the love

Bihar News: बिहार सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 446 सीनियर रेजिडेंट एवं ट्यूटर चिकित्सकों की नियुक्ति और पदस्थापन का आदेश जारी किया है। इन नियुक्तियों से सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी, जिससे मरीजों को बेहतर और समय पर उपचार मिल सकेगा।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद की अनुशंसा पर चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति बिहार चिकित्सा शिक्षा सेवा नियमावली के तहत तीन वर्ष की टेन्योर अवधि के लिए की गई है।

राज्य के कई मेडिकल कॉलेजों में होगी तैनाती

नवनियुक्त चिकित्सकों की पदस्थापना राज्य के प्रमुख सरकारी चिकित्सा संस्थानों में की गई है। इनमें पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH), नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मुजफ्फरपुर, जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, भागलपुर, अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया, भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान, पावापुरी, तथा सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पूर्णिया, बेतिया, छपरा, समस्तीपुर और मधेपुरा शामिल हैं।

कई विशेषज्ञ विभागों को मिलेगा लाभ

इन नियुक्तियों से एनेस्थीसियोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, डेंटिस्ट्री, प्रसूति एवं स्त्री रोग, नेत्र रोग, अस्थि रोग, फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन (PMR) सहित कई विशेषज्ञ विभागों में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी।

सरकार का कहना है कि इससे मरीजों को समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी, मेडिकल कॉलेजों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर होगी और चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण व्यवस्था भी मजबूत होगी।

पारदर्शी प्रक्रिया से हुई पदस्थापना

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की पदस्थापना पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत की गई है। नियुक्ति से पहले सभी चयनित डॉक्टरों से उनकी पसंद (चॉइस) प्राप्त की गई थी। इसके बाद उनकी प्राथमिकताओं, प्रशासनिक आवश्यकताओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए पदस्थापन किया गया।

इसके अलावा दिव्यांग चिकित्सकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए उन्हें यथासंभव उनके निकटवर्ती स्थानों पर पदस्थापित किया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने दी शुभकामनाएं

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने सभी नवनियुक्त चिकित्सकों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने सभी चिकित्सकों से जल्द से जल्द योगदान देकर कार्यभार संभालने का आग्रह किया, ताकि सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

मंत्री ने कहा कि इन नियुक्तियों से स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और मरीजों को अपने जिले एवं क्षेत्र में ही विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य विभाग रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।