MCU, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के हेड बने डॉ. संजीव गुप्ता, कुलपति प्रो. के.जी. सुरेश ने दी बधाई

एजुकेशन

Jyoti Shinde, Editor

पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखने वाले माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से बड़ी ख़बर सामने आ रही है। जनसंपर्क एवं संचार विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉक्टर संजीव गुप्ता को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। डॉक्टर संजीव गुप्ता ने अपना पदभार भी ग्रहण कर लिया है। इसके साथ ही संजीव गुप्ता ने कुलपति समेत विश्वविद्यालय के वरिष्ठ, सहयोगी और अनुजों का आभार प्रकट किया है।

डॉक्टर संजीव गुप्ता की उपलब्धियां

डॉक्टर संजीव गुप्ता का जन्म मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ही हुआ है। उन्हें विशिष्ट कार्य के लिए उत्तम अकादमिक रिकॉर्ड के साथ 3 वर्षीय वीडियो प्रोडक्शन में गोल्ड मेडल भी मिल चुका है। डॉक्टर गुप्ता जनसंपर्क में स्नातक, जनसंपर्क एवं संचार में स्नातकोत्तर के साथ अंग्रेजी हिंदी साहित्य एवं समाजशास्त्र विषयों में ट्रिपल एमए हैं।

उन्हें भोपाल दूरदर्शन के ‘ग्राम मंगल कार्यक्रम के प्रभाव’ के अध्ययन विषय पर प्रसारण पत्रकारिता में डॉक्टरेट की उपाधि भी मिल चुकी है। डॉ. गुप्ता फिलहाल शोध पर्यवेक्षण में 4 पीएचडी अवार्ड एवं वर्तमान में 6 शोधार्थियों को अपना मार्गदर्शन दे रहे हैं। उनकी प्रकाशित पुस्तकों में ‘मास कम्युनिकेशन 2015′ जनसंपर्क, बदलते आयाम 2019 और पर्यटन लेखन 2018 शामिल है। इसके अलावा अनेक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठियों में उनके शोध पत्र प्रस्तुत हो चुके हैं।

डॉ. गुप्ता को तकनीकी शिक्षक शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान चंडीगढ़ के शैक्षणिक टेलीविजन केंद्र के साथ भारत भवन भोपाल, मध्यप्रदेश माध्यम भोपाल एवं मध्य प्रदेश जनसंपर्क संचनालय अंतर्गत मुख्यमंत्री प्रकोष्ठ एवं राजभवन प्रकोष्ठ में मीडिया संबंधी कार्यों का भी लंबा अनुभव है।

6 वर्षों के मीडिया प्रोफेशनल अनुभव के साथ 22 वर्षों का अध्यापन मतलब कुल 28 वर्षों का मीडिया अनुभव निश्चित रूप से डॉक्टर संजीव गुप्ता के लिए बड़ी उपलब्धि है। जाहिर है माखनलाल विश्वविद्यालय में पत्रकारिता कर रहे तमाम छात्रों को इसका फायदा मिलेगा।

ख़बरीमीडिया की तरफ डॉक्टर संजीव गुप्ता को नई पारी के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।