खिड़की से कूदकर बचाई कई लोगों ने जान
Ajmer Hotel Fire: राजस्थान के अजमेर (Ajmer) शहर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बता दें कि अजमेर के डिग्गी बाजार स्थित नाज गेस्ट हाउस होटल (Naaz Guest House Hotel) में भीषण आग लग गई, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई। आग (Fire) इतनी तेजी से फैली कि चंद मिनटों में ही होटल की पांचवीं मंजिल तक लपटें पहुंच गईं। इस भयावह घटना के दौरान जान बचाने के लिए कई लोगों को खिड़कियों से कूदना पड़ा। पढ़िए पूरी खबर…
इलाके में मचा हड़कंप
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हादसा डिग्गी बाजार की एक तंग गली में स्थित पांच मंजिला नाज गेस्ट हाउस (Naaz Guest House) में हुआ। स्थानीय लोगों ने सुबह-सुबह होटल से आग की ऊंची लपटें निकलते हुए देखीं, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल सूचना पाकर दमकल और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा, लेकिन होटल के संकरे रास्ते के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने का संभावित कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट (Short Circuit) बताया जा रहा है। आग लगने के बाद होटल के अंदर धुएं का गुबार भर गया, जिससे लोगों का दम घुटने लगा। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां गली में घुसने में असमर्थ रहीं, लेकिन मौके पर पहुंचे कई दमकल वाहनों और कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

चार लोगों की मौत, कई घायल और बेहोश
जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अनिल समारिया ने कहा कि इस हादसे में दो पुरुष, एक महिला और एक बच्चे की मौत हो गई। सभी की जान दम घुटने और जलने के कारण गई। अजमेर अग्निशमन अधिकारी जगदीश प्रसाद ने बताया कि मौके से कई लोग बेहोशी की हालत में मिले, जिनमें एक बच्चा और दो महिलाएं शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बचाव कार्य में भी मुश्किलें, कई कर्मी बीमार पड़े
बता दें कि होटल जिस संकरी गली में स्थित है, उसकी वजह से बचाव अभियान में भारी परेशानी आई। दमकलकर्मी और पुलिस कर्मी बड़ी मुश्किल से अंदर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कई पुलिसकर्मी और फायर ब्रिगेड कर्मचारी भी धुएं के कारण बीमार पड़ गए। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ (Himanshu Jangid) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
