Noida

Noida: स्ट्रीट फ़ूड के दीवानों के लिए अच्छी खबर, यहाँ लगेंगे 22 कियोस्क, दिल्ली को मिलेगी टक्कर

नोएडा
Spread the love

Noida: नोएडा के लोगों को जल्द ही घूमने, खरीदारी करने और स्ट्रीट फूड का आनंद लेने के लिए दो नए हैंगआउट जोन मिलने वाले हैं। नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-38ए में जीआईपी मॉल और बोटेनिकल गार्डन के बीच एक स्ट्रीट मार्केट तैयार की है। वहीं, स्काईमार्क के पास ‘नोएडा-6’ नाम से एक नया फूड हब भी विकसित किया गया है। दोनों परियोजनाओं का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही इन्हें आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।

जीआईपी मॉल और बोटेनिकल गार्डन के बीच बने 22 कियोस्क

सेक्टर-38ए में जीआईपी मॉल और बोटेनिकल गार्डन मल्टीलेवल पार्किंग के बीच विकसित की गई स्ट्रीट मार्केट में कुल 22 छोटे और बड़े कियोस्क बनाए गए हैं। यहां खाने-पीने की दुकानों के साथ अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

इस परियोजना पर करीब 3 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। यहां आने वाले लोग खरीदारी करने के साथ परिवार और दोस्तों के साथ समय बिता सकेंगे। यह जगह शाम के समय घूमने वालों के लिए एक नया आकर्षण बनने की उम्मीद है।

‘नोएडा-6’ बनेगा नया फूड डेस्टिनेशन

स्काईमार्क के पास विकसित किया जा रहा ‘नोएडा-6’ शहर का नया स्ट्रीट फूड हब होगा। यहां 6 फूड कियोस्क बनाए गए हैं, जहां विभिन्न प्रकार के खाने-पीने के आउटलेट संचालित किए जाएंगे।

नोएडा प्राधिकरण इसे इंदौर के मशहूर ’56 मार्केट’ की तर्ज पर विकसित कर रहा है। लोगों की सुविधा के लिए यहां 100 से अधिक वाहनों की क्षमता वाली सरफेस पार्किंग भी बनाई जाएगी। इस परियोजना पर करीब 2.23 करोड़ रुपये की लागत आई है।

निजी कंपनी करेगी संचालन

दोनों फूड हब के संचालन की जिम्मेदारी एक निजी कंपनी को दी जाएगी। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण ने चयन प्रक्रिया शुरू कर दी है। चयनित कंपनी कियोस्क का आवंटन करेगी और इसके बदले हर महीने प्राधिकरण को किराया देगी।

इस व्यवस्था से एक ओर लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं दूसरी ओर नोएडा प्राधिकरण को नियमित राजस्व भी प्राप्त होगा।

जल्द आम लोगों के लिए खुलेंगे दोनों हब

नोएडा प्राधिकरण के अनुसार, कंपनी के चयन की प्रक्रिया पूरी होते ही दोनों स्ट्रीट फूड हब लोगों के लिए खोल दिए जाएंगे। इनके शुरू होने के बाद नोएडा के निवासियों और पर्यटकों को शहर में घूमने, स्ट्रीट फूड का स्वाद लेने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए नए विकल्प मिलेंगे।