Punjab News: पंजाब सरकार राज्य में बागवानी क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के लिए जल्द ही जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) के सहयोग से 1,300 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना शुरू करने जा रही है। पंजाब के बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के अनुरूप उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों को बढ़ावा देना और किसानों की आय में वृद्धि करना है।
आधुनिक तकनीक और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर पर रहेगा फोकस
मंत्री ने बताया कि JICA परियोजना के तहत किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उच्च गुणवत्ता वाली पौध सामग्री, बेहतर सिंचाई व्यवस्था और मजबूत बागवानी अवसंरचना उपलब्ध कराई जाएगी। इससे बागवानी उत्पादन बढ़ेगा, फसलों की गुणवत्ता सुधरेगी और किसानों को अधिक लाभ मिलेगा।
कृषि अवसंरचना निधि योजना में पंजाब ने बनाया रिकॉर्ड
मोहिंदर भगत ने बताया कि वर्ष 2022 से अब तक कृषि अवसंरचना निधि (AIF) योजना के तहत पंजाब में 28,195 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं के लिए किसानों को विभिन्न वित्तीय संस्थानों के माध्यम से लगभग 6,729 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि सर्वाधिक परियोजनाओं की स्वीकृति पाने वाला राज्य बनने का गौरव भी पंजाब को हासिल हुआ है।
युवा अब विदेश नहीं, बागवानी में तलाश रहे रोजगार
बागवानी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की किसान-हितैषी नीतियों का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। अब बड़ी संख्या में युवा विदेश जाने की बजाय बागवानी को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर विकल्प के रूप में अपना रहे हैं। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
5.21 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा बागवानी का रकबा
सरकार के प्रयासों का परिणाम है कि पंजाब में बागवानी के तहत कुल क्षेत्रफल बढ़कर 5.21 लाख हेक्टेयर हो गया है। मोहिंदर भगत ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में आधुनिक तकनीक, निवेश और किसान-हितैषी योजनाओं के दम पर पंजाब बागवानी क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरेगा।
