MP News: सिवनी में किसानों के बीच उतरे सीएम मोहन यादव, धान रोपाई कर 494 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की दी सौगात

मध्यप्रदेश
Spread the love

MP News: सिवनी, 1 जुलाई 2026: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सिवनी जिले में आयोजित राज्य स्तरीय धान महोत्सव में किसानों के साथ खेत में उतरकर धान की रोपाई की और कृषि कार्यों में भागीदारी निभाई। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद किया, उनके साथ भोजन किया और जिले के लिए 494.16 करोड़ रुपये की 629 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि ही प्रदेश और देश की प्रगति का आधार है।

धान उत्पादकों के लिए भावांतर योजना का ऐलान

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घोषणा की कि अब मध्य प्रदेश में धान उत्पादकों को भी भावांतर योजना का लाभ मिलेगा। यदि बाजार में धान का मूल्य न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से कम रहेगा, तो सरकार किसानों को दोनों कीमतों के अंतर की भरपाई करेगी। उन्होंने किसानों से मौसम की अनिश्चितताओं को देखते हुए श्रीअन्न (मिलेट्स) और फसल विविधीकरण अपनाने की भी अपील की।

कोदो-कुटकी किसानों और श्रमिकों को मिली आर्थिक सहायता

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के तहत 3,941 कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों को 282.99 करोड़ रुपये का बोनस वितरित किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) 2.0 योजना के अंतर्गत 16,754 श्रमिक परिवारों के खातों में 365 करोड़ रुपये की सहायता राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी गई।

सिवनी के लिए कई नई विकास परियोजनाओं की घोषणा

मुख्यमंत्री ने जिले के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें बालाघाट-सिवनी फोरलेन सड़क, चमारा विकासखंड में शासकीय महाविद्यालय, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मिनी स्टेडियम और नगर वन परियोजना जैसी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे का विकास होगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

कृषि और ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए उत्पादन से लेकर विपणन तक पूरी वैल्यू चेन को मजबूत कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में श्रीअन्न की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग पर विशेष काम किया जा रहा है, ताकि किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों का नया सर्वे भी कराया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना से वंचित न रहे।