News18 India: Prime-time anchors on News18 India will now be seen in new time slots!

News18 India: न्यूज18 इंडिया में प्राइम टाइम एंकर्स अब नए स्लॉट में नजर आएंगे !

TV
Spread the love

News18 India: देश के प्रमुख हिंदी न्यूज चैनलों में शुमार News18 India ने अपने प्राइमटाइम कार्यक्रमों में बड़ा बदलाव किया है। इस नए प्राइमटाइम लाइन-अप में मेजर गौरव आर्य, अर्पिता आर्या, प्रतीक त्रिवेदी, अमीश देवगन, किशोर अजवानी, सुशांत सिन्हा और अमन चोपड़ा शामिल हैं।

News18 India के मैनेजिंग एडिटर ज्योति कमल ने टीम को भेजे गए एक आंतरिक ईमेल में कहा कि यह बदलाव दर्शकों की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने लिखा, “न्यूज इंडस्ट्री में नेतृत्व केवल पहुंच का मामला नहीं है, बल्कि प्रासंगिक बने रहने का भी सवाल है।”

उन्होंने कहा कि चैनल ने जानबूझकर अपने प्राइमटाइम लाइन-अप को नए सिरे से तैयार किया है, ताकि खबरों के अलग-अलग आयामों को विभिन्न प्रारूपों के जरिए दर्शकों तक पहुंचाया जा सके।

दोपहर 3:45 बजे: मेजर गौरव आर्य के साथ ‘कमांड सेंटर’

नया प्रोग्रामिंग ब्लॉक दोपहर 3:45 बजे शुरू होगा। मेजर गौरव आर्य का शो ‘कमांड सेंटर’ रणनीतिक मामलों, राष्ट्रीय सुरक्षा और भू-राजनीतिक मुद्दों पर केंद्रित होगा। सेना की पृष्ठभूमि से आने वाले गौरव आर्य जटिल सुरक्षा और रणनीतिक विषयों को सरल भाषा में दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। ईमेल में इसे उनकी “सीधी बात समझिए” शैली का विस्तार बताया गया है।

शाम 4:50 बजे: अर्पिता आर्या को ‘गूंज’ का जिम्मा

4:50 बजे प्रसारित होने वाले शो ‘गूंज’ की कमान अर्पिता आर्या संभालेंगी। News18 India में उनकी वापसी को तीखे सवालों और डिजिटल सोच वाले युवा दर्शकों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए प्रारूप के रूप में देखा जा रहा है। चैनल का मानना है कि यह कार्यक्रम विभिन्न नैरेटिव्स के बीच से दर्शकों के लिए सबसे अहम मुद्दों को सामने लाएगा।

शाम 5:50 बजे: ‘भैयाजी कहिन’ के साथ प्रतीक त्रिवेदी

5:50 बजे प्रतीक त्रिवेदी का शो ‘भैयाजी कहीं’ प्रसारित होगा। यह एक फील्ड-आधारित कार्यक्रम होगा, जिसमें आम लोगों की आवाज और जमीनी मुद्दों को प्रमुखता दी जाएगी। आंतरिक नोट में इसे ऐसा मंच बताया गया है, जो “इंडिया को भारत से रूबरू कराता है।”

शाम 6:50 बजे: अमीश देवगन का ‘आर-पार’ बरकरार

6:50 बजे चैनल के चर्चित राजनीतिक कार्यक्रम ‘आर-पार’ के साथ अमीश देवगन अपनी मौजूदगी बनाए रखेंगे। ज्योति कमल ने कहा कि यह शो हिंदी प्राइमटाइम राजनीति का एक मानक बन चुका है। उनके मुताबिक, अमीश देवगन केवल दिनभर की बहसों को प्रतिबिंबित नहीं करते, बल्कि राष्ट्रीय विमर्श को दिशा देने की क्षमता भी रखते हैं।

शाम 7:50 बजे: किशोर अजवानी का विश्लेषण आधारित शो

7:50 बजे किशोर अजवानी ‘सौ बात की एक बात’ लेकर आएंगे। यह शोध-आधारित कार्यक्रम होगा, जिसमें दिनभर की घटनाओं को जोड़कर उनके व्यापक संदर्भ को समझाने का प्रयास किया जाएगा। ईमेल में कहा गया, “जहां दूसरे अलग-अलग घटनाएं देखते हैं, वहां किशोर उनके बीच के पैटर्न पहचानते हैं।” सप्ताहांत में इस शो में खास हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू भी शामिल किए जाएंगे।

रात 8:50 बजे: सुशांत सिन्हा की ‘देश की पाठशाला’

8:50 बजे सुशांत सिन्हा का शो ‘देश की पाठशाला’ प्रसारित होगा। इसे एक्सप्लेनर पत्रकारिता के प्रारूप में तैयार किया गया है। चैनल का मानना है कि आज का दर्शक केवल यह नहीं जानना चाहता कि क्या हुआ, बल्कि यह भी समझना चाहता है कि क्यों हुआ, कब हुआ, कहां हुआ और कैसे हुआ।

रात 10 बजे: अमन चोपड़ा का ‘देश नहीं झुकने देंगे’

रात 10 बजे अमन चोपड़ा अपने चर्चित शो ‘देश नहीं झुकने देंगे’ के साथ दर्शकों के बीच मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय भावना और बहस आधारित इस कार्यक्रम को हिंदी प्राइमटाइम की मजबूत ब्रांड पहचान वाला शो बताया गया है।

बदलते दर्शकों की पसंद को ध्यान में रखकर तैयार हुई रणनीति

ज्योति कमल ने अपने संदेश में कहा कि यह नया लाइन-अप एक जैसी बहसों को लगातार परोसने के बजाय अलग-अलग संपादकीय आवाजों को मंच देता है। उन्होंने लिखा, “रणनीति, राजनीति, जमीनी रिपोर्टिंग, एक्सप्लेनर और बहस—ये सभी अलग होते हुए भी एक-दूसरे के पूरक हैं और इनका उद्देश्य तेजी से बदलती दुनिया को समझने में दर्शकों की मदद करना है।”

गौरतलब है कि टेलीविजन और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शकों की बदलती आदतों के बीच हिंदी न्यूज चैनल प्राइमटाइम को और अधिक आकर्षक तथा प्रभावी बनाने की कोशिशों में जुटे हैं। ऐसे दौर में News18 India का यह नया प्रयोग दर्शकों और मीडिया इंडस्ट्री दोनों की नजरों में अहम माना जा रहा है।