Jagran New media: डिजिटल मीडिया कंपनी जागरण न्यू मीडिया ने सब एडिटर (रियल टाइम) पद के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। संस्थान ने पत्रकारिता क्षेत्र में अनुभव रखने वाले योग्य उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
जारी भर्ती विज्ञापन के अनुसार, उम्मीदवार के पास 1 से 3 वर्ष का प्रासंगिक अनुभव होना चाहिए। साथ ही पत्रकारिता या जनसंचार से संबंधित विषय में स्नातक, स्नातकोत्तर अथवा समकक्ष डिग्री आवश्यक है। रियल टाइम न्यूज डेस्क पर काम करने का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कंपनी के अनुसार, चयनित उम्मीदवार की जिम्मेदारियों में हिंदी समाचारों का संपादन, प्रूफरीडिंग और अनुवाद शामिल होगा। उम्मीदवार को मंगल फॉन्ट में लेखन का ज्ञान होना चाहिए। इसके अलावा संगठन की शैली और संपादकीय मानकों के अनुरूप कंटेंट तैयार करने, SEO फ्रेंडली हेडलाइन लिखने और CMS टूल्स के जरिए कंटेंट वर्कफ्लो का प्रबंधन करने की जिम्मेदारी भी होगी।
जागरण न्यू मीडिया ने कहा है कि उम्मीदवार में तेज गति से काम करने की क्षमता होनी चाहिए ताकि समय सीमा के भीतर समाचारों का प्रकाशन सुनिश्चित किया जा सके।
संस्थान ने अपने विज्ञापन में प्रतिस्पर्धी वेतन, कौशल विकास कार्यक्रमों और ग्रुप मेडिकल बेनिफिट्स जैसी सुविधाओं का भी उल्लेख किया है।
इच्छुक उम्मीदवार अपना बायोडाटा [email protected] पर भेज सकते हैं।
