Punjab News

Punjab News: भगवंत मान का भाजपा पर बड़ा हमला, बोले- पंजाबियों को देश विरोधी बताया जा रहा

पंजाब
Spread the love

Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने अपनी चार दिवसीय ‘शुक्राना यात्रा’ के तीसरे दिन मालवा क्षेत्र में पहुंचकर भाजपा और सांप्रदायिक ताकतों पर तीखा हमला बोला। बठिंडा से यात्रा की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने तख्त Takht Sri Damdama Sahib में माथा टेका और कई जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश के लिए सबसे ज्यादा कुर्बानियां देने वाले पंजाबियों को अब देश विरोधी बताने की कोशिश की जा रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार भाजपा पंजाब की सदियों पुरानी भाईचारे की परंपरा को तोड़ने की साजिश कर रही है।

पंजाब में नहीं सफल होगी फूट डालने की राजनीति

तलवंडी साबो, बठिंडा और कोटशमीर में लोगों को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने कहा कि कुछ ताकतें पंजाब में भी वही राजनीति लागू करना चाहती हैं, जो पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों में की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले दो समुदायों में डर और फूट पैदा की जाती है, फिर चुनावी फायदा लिया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में हर धर्म और समुदाय के लोग मिलकर त्योहार मनाते हैं, इसलिए यहां सांप्रदायिक राजनीति सफल नहीं होगी। उन्होंने लोगों से राज्य की शांति और भाईचारे को बचाने के लिए एकजुट रहने की अपील भी की।

आरएसएस और भाजपा पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाबियों ने आजादी की लड़ाई में सबसे ज्यादा बलिदान दिए, लेकिन आज उन्हीं की देशभक्ति पर सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि संगठन ने 52 साल तक अपने मुख्यालय पर तिरंगा नहीं फहराया, लेकिन आज दूसरों को देशभक्ति के प्रमाणपत्र बांटे जा रहे हैं। 1947 के विभाजन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब ने सबसे ज्यादा दर्द सहा और लाखों लोगों ने जान गंवाई।

बेअदबी मामलों में सख्त कानून लागू

भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार द्वारा लागू किया गया ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन अधिनियम-2026’ भविष्य में बेअदबी की घटनाओं को रोकने में अहम साबित होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब कोई भी आरोपी मानसिक रोगी होने का बहाना बनाकर बच नहीं सकेगा। दोषियों के साथ-साथ साजिशकर्ताओं और मददगारों को भी उम्रकैद और 50 लाख रुपये तक जुर्माने का सामना करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कानून राजनीति के लिए नहीं बल्कि समाज की भावनाओं की रक्षा के लिए बनाया गया है।

विरोधी दलों पर भी बोला हमला

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल पर पंजाब को वर्षों तक लूटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विरोधी दल फिर सत्ता में आने का सपना देख रहे हैं, लेकिन जनता अब उन्हें सत्ता नहीं बल्कि जेल भेजना चाहती है। उन्होंने अकाली नेताओं पर बेअदबी मामलों में कार्रवाई न करने और राजनीतिक लाभ लेने का आरोप भी लगाया।

सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का जिक्र

अपने भाषण में भगवंत मान ने पंजाब सरकार की कई योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य में 90 प्रतिशत से ज्यादा घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है और 65 हजार से अधिक युवाओं को बिना भ्रष्टाचार सरकारी नौकरियां दी गई हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब में 14 हजार किलोमीटर पाइपलाइन बिछाकर सिंचाई व्यवस्था मजबूत की गई है और अब 68 प्रतिशत खेती नहरी पानी से हो रही है। उन्होंने ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता देने और ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के जरिए 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी।