Chhattisgarh News

Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ादेव स्थापना कार्यक्रम में की पूजा-अर्चना

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम ओड़ान में गोंड समाज के पवित्र पूजा स्थल पर आयोजित बड़ादेव स्थापना कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से बड़ादेव की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक और आध्यात्मिक आयोजन हमारी संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता को मजबूत बनाते हैं।

शहीद वीर नारायण सिंह और रानी दुर्गावती की प्रतिमाओं का किया अनावरण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर नारायण सिंह एवं वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमाओं का अनावरण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर नारायण सिंह ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया और उनका बलिदान भारतीय इतिहास में प्रेरणा का स्रोत है। वहीं रानी दुर्गावती ने अपने साहस और स्वाभिमान से गोंडवाना की गरिमा को बनाए रखा और मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।

पारंपरिक आयोजनों से मजबूत होती है सामाजिक एकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने और परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी लोगों से समाज की एकता और सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक संदीप साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।