Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बठिंडा में आयोजित लोक मिलनी में पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता से अपील की कि “युद्ध नशों विरुद्ध” अभियान के दूसरे चरण को एक बड़ा जन आंदोलन बनाया जाए। उन्होंने कहा कि पंजाब आज पूरे देश में नशों के खिलाफ सबसे मजबूत और निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है। इस लड़ाई में सरकार के साथ-साथ जनता का सहयोग भी बहुत जरूरी है।
28 हजार से ज्यादा नशा तस्करों पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री मान ने बताया कि आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान अब तक 28,000 से ज्यादा नशा तस्करों के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं और इनमें 88 प्रतिशत मामलों में सजा हुई है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने नशा कारोबारियों को संरक्षण दिया, लेकिन उनकी सरकार ने सख्त कार्रवाई कर सप्लाई लाइन तोड़ी है और बड़े तस्करों को जेल भेजा है।
इलाज, पुनर्वास और संपत्तियों पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे से पीड़ित लोगों के लिए इलाज और पुनर्वास की व्यवस्था की गई है। वहीं नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाकर सख्त संदेश दिया गया है कि नशे के कारोबार को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
किसानों और आम लोगों को बड़ी राहत
भगवंत मान ने बताया कि सरकार ने वर्षों से बंद पड़ी नहरों को फिर से चालू किया है, जिससे गांवों तक पानी पहुंच रहा है। किसानों को दिन में बिजली मिल रही है और 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली दी जा रही है। इससे लोगों का खर्च कम हुआ है और खेती को फायदा मिला है।
बिना सिफारिश मिली 61 हजार नौकरियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 61,000 से ज्यादा युवाओं को पूरी तरह पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी हैं। इसमें किसी भी तरह की सिफारिश या रिश्वत नहीं लगी। इसके अलावा 17 टोल प्लाजा बंद किए गए हैं, जिससे लोगों की रोजाना लाखों रुपये की बचत हो रही है।
स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार
पंजाब में अब तक 881 आम आदमी क्लीनिक खोले जा चुके हैं, जहां मुफ्त इलाज और दवाइयां मिलती हैं। जल्द ही मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना शुरू होगी, जिसके तहत लोगों को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा।
शिक्षा में नई क्रांति
मुख्यमंत्री ने कहा कि 118 स्कूल ऑफ एमिनेंस बनाए जा रहे हैं ताकि गरीब बच्चों को अच्छी शिक्षा मिल सके। छात्रों को मुफ्त यूनिफॉर्म और लड़कियों को मुफ्त बस सेवा दी जा रही है। जेईई, नीट और दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विशेष कोचिंग भी दी जा रही है।
सड़क सुरक्षा फोर्स की देशभर में तारीफ
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि पंजाब की सड़क सुरक्षा फोर्स की देशभर में सराहना हो रही है। इससे सड़क हादसों में कमी आई है और लोगों की जान बच रही है।
