Punjab News: पंजाब में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसी को लेकर 15 मई को चंडीगढ़ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी Anindita Mitra ने राज्य की पंजीकृत और मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट यानी बीएलए की नियुक्तियां जल्द करने की अपील की गई ताकि उन्हें समय रहते प्रशिक्षण दिया जा सके।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि बीएलए की भूमिका पूरी प्रक्रिया में बेहद महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने बताया कि बीएलओ द्वारा हर चरण की जानकारी बीएलए के साथ साझा की जाएगी ताकि वोटर सूची संशोधन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे। उन्होंने राजनीतिक दलों से बीएलए-1 की नियुक्ति प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने को कहा।
25 जून से शुरू होगा घर-घर सत्यापन
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि पंजाब में 25 जून 2026 से 24 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के फॉर्म भरवाएंगे। इस अभियान के लिए पूरे चुनावी अमले को तैयार किया गया है। इसमें 24,453 बीएलओ, 2,476 सुपरवाइजर, 117 ईआरओ और 234 एईआरओ लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि बीएलओ के प्रशिक्षण और अन्य जरूरी तैयारियों का काम 15 जून से 24 जून 2026 तक पूरा किया जाएगा। चुनाव आयोग का उद्देश्य हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और अयोग्य लोगों के नाम हटाना है।
डबल वोट रखना अपराध
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारतीय संविधान के अनुसार दो जगह वोट बनवाना अपराध की श्रेणी में आता है। इसके लिए एक साल तक की सजा हो सकती है। उन्होंने लोगों से सही जानकारी देने और चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में 89.58 प्रतिशत मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि शहरी क्षेत्रों में 73 प्रतिशत काम पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची को और अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने में मदद करेगी।
2003 की तर्ज पर हो रही प्रक्रिया
अनिंदिता मित्रा ने बताया कि पंजाब में इससे पहले वर्ष 2003 में भी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन किया गया था। वर्तमान प्रक्रिया उसी आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। बैठक के दौरान राजनीतिक दलों ने कुछ शंकाएं भी रखीं, जिनका समाधान मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा किया गया।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय पूरे अभियान के दौरान राजनीतिक दलों के संपर्क में रहेगा।
कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, शिरोमणि अकाली दल और अन्य दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इसमें Aam Aadmi Party, Bharatiya Janata Party, Indian National Congress और Shiromani Akali Dal समेत कई राजनीतिक दलों के नेता उपस्थित रहे।
