Air India Plane Crash: चेन्नई की एक युवती ने 12 राज्यों में 21 बार बम की धमकियां भेजकर हड़कंप मचा दिया।
Air India Plane Crash: तकनीक की दुनिया में माहिर एक युवती ने इश्क में नाकामी के बाद ऐसा खौफनाक खेल खेला कि दिल्ली से लेकर अहमदाबाद (Delhi to Ahmedabad) तक की सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ गई। बता दें कि चेन्नई की एक युवती ने 12 राज्यों में 21 बार बम की झूठी धमकियां भेजकर हड़कंप मचा दिया। अहमदाबाद की साइबर क्राइम पुलिस ने आरोपी रेने जोशिल्दा को चेन्नई से गिरफ्तार कर लिया है। उसने दावा किया था कि उसने ही अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान को क्रैश करवाया।

बदले की साजिश में डार्क वेब का सहारा
पुलिस के अनुसार, रेने जोशिल्दा, जो रोबोटिक्स में प्रशिक्षित इंजीनियर है और चेन्नई की एक मल्टीनेशनल कंपनी में सीनियर कंसल्टेंट के पद पर कार्यरत है, अपने सहकर्मी दिविज प्रभाकर से एकतरफा प्यार करती थी। फरवरी 2025 में दिविज की शादी किसी अन्य लड़की से होने के बाद रेने ने बदला लेने की ठानी। उसने दिविज के नाम से फर्जी ईमेल आईडी बनाकर डार्क वेब और वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) का इस्तेमाल करते हुए अपनी पहचान छिपाई। मई से जून 2025 के बीच उसने दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, पंजाब, बिहार, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, मध्य प्रदेश और हरियाणा में नरेंद्र मोदी स्टेडियम, स्कूलों, बीजे मेडिकल कॉलेज और अन्य सार्वजनिक स्थानों को बम से उड़ाने की धमकियां भेजीं।
ये भी पढ़ेंः Air India Plane Crash: एयर इंडिया हादसे की जिम्मेदार पायल अरोड़ा कौन है?

‘एयर इंडिया विमान मैंने क्रैश करवाया’
अहमदाबाद में एयर इंडिया की उड़ान AI-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद रेने ने बीजे मेडिकल कॉलेज को एक ईमेल भेजकर दावा किया, “जैसा कि कल हमने कहा था, आज एयर इंडिया का विमान क्रैश करा दिया गया। पुलिस ने इसे फर्जी धमकी समझकर नजरअंदाज किया होगा। शाबाश हमारे पायलट! अब तुम समझ गए होंगे कि हम खेल नहीं रहे।” इस ईमेल ने पूरे देश में दहशत फैला दी। जांच में पता चला कि यह रेने की साजिश थी, जिसका मकसद अपने पूर्व प्रेमी को फंसाना था।
पुलिस की पैनी नजर ने तोड़ा साजिश का जाल
रेने ने अपनी तकनीकी दक्षता का इस्तेमाल कर डार्क वेब और वीपीएन के जरिए अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की, लेकिन एक छोटी सी डिजिटल गलती ने अहमदाबाद साइबर क्राइम पुलिस को उस तक पहुंचने का मौका दे दिया। संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) शरद सिंघल ने बताया कि रेने के खिलाफ डिजिटल और दस्तावेजी सबूत बरामद किए गए हैं। उसे शनिवार को चेन्नई स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस साजिश में कोई और शामिल तो नहीं था।
12 राज्यों में मचा था हड़कंप
रेने ने 21 बार बम की झूठी धमकियां भेजीं, जिनमें नरेंद्र मोदी स्टेडियम, जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम, स्कूल, मेट्रो स्टेशन और बीजे मेडिकल कॉलेज जैसे स्थान शामिल थे। इन धमकियों से पुलिस, खुफिया एजेंसियों और आम लोगों में दहशत फैल गई। अहमदाबाद पुलिस आयुक्त जीएस मलिक की अगुवाई में साइबर क्राइम यूनिट ने कई राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय कर इस मामले का पर्दाफाश किया।
ये भी पढ़ेंः FasTag: क्या आपने भी फास्टैग का सालाना 3 हज़ार का रिचार्ज करवाया है?
सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी
पुलिस ने रेने के पास से कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और फर्जी ईमेल अकाउंट्स जब्त किए हैं। उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह गिरफ्तारी गुजरात की जगन्नाथ रथ यात्रा से पहले हुई, जिसे पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।
