Uttrakhand News: उत्तराखंड के अल्मोड़ा स्थित उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान सतत विकास लक्ष्यों यानी एसडीजी की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 32 संगठनों, व्यक्तियों और समूहों को सम्मानित किया गया। साथ ही जिला स्तरीय एसडीजी रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छह जिलों को भी पुरस्कृत किया गया।
मुख्यमंत्री ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि समाज और राज्य के विकास में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित करना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद कई संस्थानों और लोगों ने अपने नवाचार और मेहनत से असाधारण उपलब्धियां हासिल की हैं।
उत्तराखंड ने एसडीजी रैंकिंग में हासिल किया पहला स्थान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड ने नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में बड़ी छलांग लगाई है। एक समय राज्य इस सूची में 10वें स्थान पर था, जबकि अब ताजा रिपोर्ट में उत्तराखंड पूरे देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य सरकार की योजनाबद्ध कार्यशैली, सुशासन और विकास आधारित नीतियों का परिणाम है। सरकार बिजली, पानी, सड़क, सीमांत क्षेत्रों के विकास और गरीब कल्याण जैसी योजनाओं पर लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अभी कई क्षेत्रों में और बेहतर काम करने की जरूरत है और सरकार उस दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रही है।
पर्यावरण और विकास के संतुलन पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के सामने हर साल कई चुनौतियां आती हैं। ऐसे में पर्यावरण और विकास के बीच संतुलन बनाए रखना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में इकोलॉजी और इकोनॉमी दोनों को साथ लेकर विकास की नीति अपनाई जा रही है ताकि आने वाली पीढ़ियों को भी बेहतर भविष्य मिल सके।
रोजगार और विकास में सुधार का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उद्योग, स्टार्टअप, हेलीकॉप्टर सेवा, हाईवे निर्माण, ग्रीन एनर्जी और बिजली उत्पादन जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम हुआ है। इसका असर राज्य की अर्थव्यवस्था पर भी दिखाई दे रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 4.1 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। साथ ही बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब लोग अपने गांवों की ओर लौट रहे हैं और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार अपना रहे हैं।
रुद्रप्रयाग बना एसडीजी रैंकिंग में पहला जिला
जिला स्तरीय एसडीजी रैंकिंग में रुद्रप्रयाग को पहला स्थान मिला। उत्तरकाशी और नैनीताल दूसरे स्थान पर रहे, जबकि बागेश्वर, चमोली और टिहरी को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री Ajay Tamta समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
