UP News: “घबराइए मत, हर समस्या का समाधान होगा”: मुख्यमंत्री योगी

उत्तरप्रदेश
Spread the love

UP News: गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में रात्रि प्रवास के बाद मंगलवार सुबह जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने करीब 200 लोगों की समस्याएं ध्यान से सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।

“घबराइए मत, समाधान जरूर होगा”: मुख्यमंत्री

जनता दर्शन में आए लोगों से मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से बातचीत की। उन्होंने प्रार्थना पत्र पढ़े और कहा कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है, हर समस्या का समाधान कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पीड़ितों की समस्याओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए।

अधिकारियों को सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनता की शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ देखा जाए। जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर उन्होंने सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गंभीर बीमारियों के इलाज में मिलेगी आर्थिक मदद

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि इलाज में पैसों की कमी आड़े नहीं आएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल का इस्टीमेट जल्द तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मदद दी जा सके।

बच्चों को दिया प्यार और पढ़ाई का संदेश

जनता दर्शन में आए बच्चों को मुख्यमंत्री ने स्नेह दिया और उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को मिष्ठान्न भी दिए और स्कूल जाने का महत्व समझाया।

गोशाला में की गोसेवा

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और मंदिर परिसर की गोशाला में पहुंचकर गोसेवा की। उन्होंने गोवंशों को दुलार किया और अपने हाथों से रोटी व गुड़ खिलाया।

मोर ‘पुंज’ को भी दिया स्नेह

गोशाला में मौजूद मोर को मुख्यमंत्री ने ‘पुंज’ नाम से पुकारा। मोर के पास आने पर उन्होंने उसे अपने हाथों से रोटी के छोटे टुकड़े खिलाए और स्नेह जताया।