UP News: Yogi Adityanath ने सोमवार को लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में 21 विभागों में चयनित 932 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। ये नियुक्तियां उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग द्वारा आयोजित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2024 के तहत की गई हैं।
नियुक्ति पत्र पाकर नवचयनित युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। मुख्यमंत्री ने सभी अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से पूरा करने के लिए आयोग की सराहना की।
“जो यूपी में सफल, वह हर जगह सफल”
सीएम योगी ने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े और विविधतापूर्ण राज्य में काम करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा, “जो अधिकारी और कर्मचारी यूपी में सफलतापूर्वक काम कर लेगा, उसके लिए देश-दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं रहेगा। जो यूपी में सफल है, वह हर जगह सफल है।”
“आपकी सफलता प्रदेश की सफलता बने”
मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों से कहा कि उनकी सफलता सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि प्रदेश की सफलता का आधार बननी चाहिए।
उन्होंने युवाओं को ईमानदारी, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्यशैली अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि शुरुआती 10 वर्षों की मेहनत पूरे सेवाकाल की मजबूत नींव तैयार करती है।
2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया पर उठाए सवाल
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की कमी थी और सिफारिश तथा पैसे के आधार पर चयन होने के आरोप लगते थे।
उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में नकलविहीन परीक्षाएं और पारदर्शी चयन प्रक्रिया सुनिश्चित की गई है, जिससे योग्य युवाओं को अवसर मिल रहा है।
“9 साल में 9 लाख युवाओं को नौकरी”
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में राज्य सरकार ने 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकार और पारदर्शी व्यवस्था के कारण ही युवाओं को रोजगार के अवसर मिल पाए हैं।
सीएम ने कहा कि यदि प्रतिभाशाली युवा प्रदेश छोड़कर बाहर चले जाते, तो यूपी का विकास संभव नहीं हो पाता।
यूपी अब देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर देश की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में खुद को स्थापित किया है।
उन्होंने दावा किया कि यूपी की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और प्रदेश अब देश के टॉप राज्यों में शामिल हो चुका है।
ट्रेनिंग के बाद विकास कार्यों में निभाएंगे भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब चयनित अभ्यर्थी ट्रेनिंग के बाद राज्य के विकास कार्यों में अहम भूमिका निभाएंगे और प्रधानमंत्री के विकसित भारत के विजन को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री Keshav Prasad Maurya, Brajesh Pathak सहित कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
