जोधपुर पहुंचे मुख्यमंत्री, किया शिविर का निरीक्षण
Rajasthan News: राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा (CM Bhajanlal Sharma) ने अपने जोधपुर दौरे के दौरान कहा कि जोधपुर (Jodhpur) की गौरवशाली भूमि पर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा, ‘मैं लंबे समय तक यहां रहा हूं, और आपकी मीठी बोली और मनुहार मुझे मोहित करती है।’ मुख्यमंत्री ने पंचायत समिति केरू के ग्राम दईजर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा के तहत आयोजित शिविर का निरीक्षण किया। पढ़िए पूरी खबर…
सीएम शर्मा (CM Sharma) आईआईटी करवड से रवाना होकर दईजर पहुंचे, जहां उन्होंने शिविर स्थल पर पौधारोपण किया और विभिन्न विभागों की स्टॉल्स का अवलोकन किया। उन्होंने आमजन से संवाद करते हुए विभागीय अधिकारियों से शिविर की गतिविधियों और कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
ये भी पढ़ेंः Rajasthan: आपातकाल की 50वीं बरसी पर CM भजनलाल बोले- ‘देश लोकतंत्र की हत्या को नहीं भूल सकता’
समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का लक्ष्य
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अंत्योदय संबल पखवाड़ा समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘हमारी सरकार गरीब, किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए काम कर रही है। मेरा गांव विकसित होगा, तो मेरा प्रदेश और राष्ट्र विकसित होगा।’
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार ने पिछले दो वर्षों में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को 5 करोड़ रुपये के अतिरिक्त बजट के साथ लूणी विधानसभा को अब तक 28 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है, जो पहले किसी सरकार ने नहीं किया।
अंत्योदय की शुरुआत का गौरवशाली इतिहास
उन्होंने कहा कि 1978 में पूर्व मुख्यमंत्री भैरोसिंह शेखावत ने इसी गांव से अंत्योदय की शुरुआत की थी। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘आज मैं भी आपके गांव में इस शिविर का अवलोकन करने आया हूं और गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।’
शिविर के माध्यम से योजनाओं का लाभ
शिविर के माध्यम से लंबित पत्थरगढ़ी, नामांतरण, सीमा ज्ञान और रास्तों के प्रकरणों का निस्तारण, दस हजार गांवों के बीपीएल परिवारों का सर्वे, स्वामित्व पट्टों का वितरण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण, आयुष्मान कार्ड वितरण और मुफ्त राशन योजना से नए लाभार्थियों को जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
ये भी पढ़ेंः Rajasthan: कार्मिकों के प्रदर्शन और अनुशासन में सुधार के लिये किये जाएंगे कार्य
जोगाराम पटेल ने की विकास कार्यों की सराहना
संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल (Minister Jogaram Patel) ने कहा कि सीएम भजनलाल शर्मा ने पिछले दो वर्षों में लूणी विधानसभा के केरू पंचायत समिति में अभूतपूर्व विकास कार्य करवाए हैं। उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री के कार्य युगों-युगों तक याद रहेंगे। पहले कोई मुख्यमंत्री इस तरह जनता के बीच जाकर योजनाओं का लाभ नहीं देता था।’
