मुख्यमंत्री ने कहा- ‘अंत्योदय हमारी नीतियों का ध्येय’
Rajasthan News: राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा (CM Bhajanlal Sharma) ने रामदेवरा में आयोजित नेत्र कुंभ–2025 (Netra Kumbh – 2025) का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बाबा रामदेव के सामाजिक समरसता और वंचितों के कल्याण के कार्यों को याद करते हुए कहा कि यह शिविर उनके आदर्शों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह आयोजन उन लोगों के जीवन में रोशनी लाने का प्रयास है, जिन्हें चिकित्सा सुविधाएं आसानी से उपलब्ध नहीं होतीं।
सीएम भजनलाल शर्मा (CM Bhajanlal Sharma) ने कहा कि 1 अगस्त से 2 सितंबर तक चलने वाले इस शिविर में सवा लाख से अधिक श्रद्धालुओं की आंखों की निःशुल्क जांच की जाएगी, जबकि 11 हजार से अधिक नेत्र ऑपरेशन (Eye Operation) नजदीकी अस्पतालों में कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत गरीबों को 25 लाख रुपये तक का फ्री इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
ये भी पढ़ेंः Rajasthan: RGHS में पारदर्शिता के लिए एंटी फ्रॉड यूनिट का गठन, धोखाधड़ी पर लगेगी रोक
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि हर दिन करीब 10 हजार मरीजों को 10 करोड़ रुपये का कैशलेस इलाज उपलब्ध हो रहा है। साथ ही ‘मा वाउचर योजना’ के माध्यम से 25 हजार से अधिक गर्भवती महिलाओं को फ्री सोनोग्राफी की सुविधा दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में 24 हजार भर्तियां पूरी हो चुकी हैं, जबकि 26 हजार प्रक्रियाधीन हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार नेत्रदान और कॉर्निया ट्रांसप्लांट को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
पर्यावरण संरक्षण और तीर्थ यात्रा पर विशेष ध्यान
सीएम भजनलाल शर्मा (CM Bhajanlal Sharma) ने कहा कि राज्य सरकार आस्था स्थलों के विकास के लिए भी गंभीरता से कार्य कर रही है। वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना के तहत हजारों श्रद्धालुओं को अयोध्या, नेपाल व अन्य तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाई जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मिशन हरियालो राजस्थान की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य में 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें इस वर्ष 10 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हरियाली तीज के अवसर पर ढाई करोड़ पौधे एक ही दिन में लगाकर रिकॉर्ड भी बनाया गया है।
ये भी पढ़ेंः Rajasthan News: CM भजन लाल शर्मा ने आपदा राहत प्रबंधन की बैठक ली
इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक सुरेशचंद्र व निम्बाराम, विधायक महंत प्रतापपुरी, महेश भगवती बलदवा फाउंडेशन की भगवती दीदी बलदवा, नेत्र कुंभ महासचिव खेताराम लीलड़, संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह, जिला कलेक्टर प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे तथा भाजपा नेता दलपत हिंगड़ा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व आमजन मौजूद रहे।
