कोहरे और धुंध की चादर में लिपटा पंजाब..ट्रेन के साथ फ़्लाइट पर भी असर

पंजाब

Punjab News: पंजाब में इन दिनों कड़ाके की ठंड के साथ भयकंर कोहरा पड़ रहा है। पंजाब के कई शहरों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी 25 से 50 मीटर तक रही। वहीं ट्रेनों (Trains) और फ्लाइट (Flight) पर भी कोहरा का असर देखने को मिल रहा है। कोहरे के कारण 4 ट्रेनों के साथ 6 फ्लाइट लेट हुई हैं। बीते कल ही मौसम विभाग (IMD) ने धुंध व शीतलहर को लेकर रेड अलर्ट जारी कर दिया था। पंजाब और हरियाणा मे लगभग 10 सालों के बाद धुंध व शीतलहर के ऐसे हालात पैदा हुए हैं।
ये भी पढ़ेंः घर लौटा शहीद गुरप्रीत सिंह का पार्थिव शरीर..आतंकियों की तलाश में खाई में गिरे थे

Pic Social Media

रात के तापमान में भी गिरावट पाई गई है। चंडीगढ़ में सामान्य हालात बने हुए हैं, तो वहीं हिमाचल में 16-17 जनवरी को बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग ने पंजाब में पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली को छोड़ बाकी सभी जिलों में धुंध का अलर्ट जारी किया है। ऐसे ही हालात हरियाणा का भी है। हरियाणा के 8 जिलों अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी रेड अलर्ट जारी हुआ है। जबकि चंडीगढ़ में सुबह के समय धुंध तो रहेगी, लेकिन दोपहर को धूप भी खिलेगी।

16-17 जनवरी को बर्फबारी

हिमाचल में मौसम विभाग की तरफ से आने वाले तीन दिनों तक मौसम सामान्य ही रहने का अनुमान जाहिर किया है। बिलासपुर, मंडी, हमीरपुर, ऊना और कांगड़ा में धुंध का अलर्ट है। यहां 16 जनवरी से मौसम बदलेगा। 16-17 जनवरी को हिमाचल के जिला चंबा, किन्नौर, लाहौल स्पीति और शिमला के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है।

ग्लोबल पैटर्न में बदलाव से नहीं हो रही बारिश व बर्फबारी

मौसम के जानकारों के मुताबिक उत्तर भारत में पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश न होने की एक बड़ी वजह ग्लोबल पैटर्न है। सर्दियों के मौसम में बर्फबारी के लिए अटलांटिक महासागर से हवाएं आने लगती हैं। पोल की तरफ से ठंडी और ट्रॉपिक की ओर से गर्म हवा आने पर पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो जाता है। जो पहाड़ों पर बर्फबारी व मैदानी इलाकों में बारिश का कारण बनता है।

इस बार पोल में हवा बहुत ही कम है। कम दबाव का क्षेत्रफल भी हावी है। कम दबाव के क्षेत्रफल के हावी होने के कारण से हवाएं आगे की तरफ नहीं आ रही हैं। इसी वजह से पेसिफिक महासागर में भी तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। जिस कारण उत्तर भारत में बर्फबारी व बारिश देखने को नहीं मिल रही है।

14 से 19 जनवरी तक हल्की राहत

आज के लिए पंजाब और हरियाणा में जहां रेड अलर्ट जारी किया गया। वहीं 14 से 19 जनवरी तक पंजाब और हरियाणा के लोगों को हल्की राहत मिलने वाली है। यहां धुंध व शीतलहर का येलो अलर्ट रहेगा। रातें ठंडी होंगी, लेकिन दिन के तापमान में हल्की बढ़त देखने को मिलेगी। 14 से 19 जनवरी तक मौसम में अधिक बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।

धुंध के कारण ये ट्रेनें लेट

12014 अमृतसर-नई दिल्ली शताब्दी आधा घंटा लेट।
12716 सचखंड एक्सप्रेस 8.30 घंटे की देरी से दोपहर 2 बजे अमृतसर से रवाना होगी।
12460 अमृतसर-नई दिल्ली एक्सप्रेस आधा घंटा देरी से चल रही है।
12926 अमृतसर-मुंबई पश्चिम एक्सप्रेस भी आधा घंटा देरी से चल रही

ये फ्लाइट्स भी हुई लेट

पुणे-अमृतसर फ्लाइट 1.10 घंटे की देरी से सुबह 6.21 बजे पहुंची
दुबई-अमृतसर फ्लाइट समय से 3.30 घंटे लेट 11.1 बजे पहुंचेगी
अमृतसर-पुणे के लिए फ्लाइट रात 50 मिनट की देरी से 12.51 बजे रवाना हुई
अमृतसर कुआलालम्पुर के लिए जाने वाली फ्लाइट 1.30 घंटा लेट रात 2 बजे रवाना हुई
अमृतसर दिल्ली फ्लाइट 1.20 घंटे लेट सुबह 7.30 बजे रवाना हुई
अमृतसर से दुबई जाने वाली फ्लाइट समय से तकरीबन 3.30 घंटे लेट 11.50 बजे दोपहर रवाना होगी।

प्रमुख शहरों का तापमान

चंडीगढ़- शहर का न्यूनतम तापमान 8 से 14 डिग्री के बीच रह सकता है।

अमृतसर- आज धुंध का रेड अलर्ट जारी किया गया है। रात के तापमान भी बेहद ठंडा रहने वाला है। तापमान 5 से 11 डिग्री रह सकता है।

जालंधर- आज का तापमान 5 से 11 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। दिन व रात के तापमान में गिरावट दर्ज होगी और सुबह घनी धुंध रहेगी।

लुधियाना- दिन-रात के तापमान में गिरावट होगी। आज का तापमान 6 से 12 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

अंबाला- धुंध का रेड अलर्ट जारी किया गया है। आज का तापमान 8 से 14 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

करनाल- सुबह के समय धुंध रहने का अनुमान है। तापमान 7 से 14 डिग्री के बीच रहने के आसार हैं।

पानीपत- येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी सुबह के समय धुंध रहेगी। तापमान 8 से 14 के बीच रहने का अनुमान है।

शिमला- तापमान में आज 1 से 2 डिग्री तक गिरावट देखने को मिलेगी। तापमान 6 से 16 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

धर्मशाला- तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होगी। दिन का तापमान 4 से 16 डिग्री के करीब रहेगा।