Punjab News: लुधियाना के बीसीएम स्कूल में सनातन सेवा समिति पंजाब और वेद प्रचार मंडल पंजाब के संयुक्त आयोजन में वैदिक भाषण प्रतियोगिता और पुरस्कार समारोह हुआ। इस कार्यक्रम में पंजाब के शिक्षा मंत्री श्री हरजोत सिंह बैंस और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी श्री मनीष सिसोदिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष विजय शर्मा और वेद प्रचार मंडल के अध्यक्ष रोशन लाल आर्य भी मौजूद रहे।

शिक्षा से ही समाज में बदलाव संभव: हरजोत सिंह बैंस
पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि शिक्षा ही समाज में बदलाव का सबसे मजबूत माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिस तरह का राज्य और देश हम बनाना चाहते हैं, उसी सोच और मूल्यों की शिक्षा बच्चों को दी जानी चाहिए।
उन्होंने अध्यापकों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों को उनकी संस्कृति, विरासत और सही सिद्धांतों से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
दिल्ली स्कूल मॉडल की सराहना
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि भले ही दिल्ली में अब आम आदमी पार्टी की सरकार नहीं है, लेकिन वहां के सरकारी स्कूलों में श्री मनीष सिसोदिया द्वारा शुरू किया गया शिक्षा मॉडल पूरे देश के लिए मिसाल है। उन्होंने कहा कि बचपन में बच्चों को सही दिशा दी जाए तो उनका भविष्य बेहतर बनाया जा सकता है।
वेद, उपनिषद और गीता शिक्षा का हिस्सा बनें: मनीष सिसोदिया
मनीष सिसोदिया ने कहा कि वेद, उपनिषद, रामायण और गीता जैसे ग्रंथों का ज्ञान बच्चों को पढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह केवल धार्मिक शिक्षा नहीं, बल्कि जीवन को समझने और सही दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग है।
उन्होंने कहा कि जो बातें आज आधुनिक विज्ञान समझने की कोशिश कर रहा है, वे हमारे ऋषि-मुनियों ने हजारों साल पहले समझ ली थीं।
वैज्ञानिक सोच और भारतीय ज्ञान परंपरा
सिसोदिया ने कहा कि जब बच्चे वैदिक ज्ञान को समझकर विज्ञान और अनुसंधान की ओर बढ़ेंगे, तो वे बेहतर वैज्ञानिक बनेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जातिवाद और संकीर्ण सोच से बाहर निकलकर हमें अपने प्राचीन ज्ञान को अपनाना होगा।
भाषण प्रतियोगिता में बच्चों की भागीदारी
संस्कृति और वेदों से बच्चों को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित भाषण प्रतियोगिता में 25 स्कूलों के 296 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान विजेता विद्यार्थियों और स्कूल प्रिंसिपलों को सम्मानित किया गया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
बजट को लेकर केंद्र से मांग
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि आने वाले केंद्रीय बजट में पंजाब को विशेष राहत पैकेज मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले साल प्राकृतिक आपदाओं से राज्य को नुकसान हुआ है।
उन्होंने शिक्षा के लिए बजट बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि अगर भारत को सुपर पावर बनाना है तो शिक्षा पर कम से कम 10 प्रतिशत बजट खर्च किया जाना चाहिए।
