Bihar News: बिहार के शहरी विकास को नई दिशा देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग तथा हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (HUDCO) के बीच राज्य में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने के लिए ₹1 लाख करोड़ के दीर्घकालिक वित्तपोषण संबंधी मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में आयोजित कार्यक्रम में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और HUDCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने मुख्यमंत्री की उपस्थिति में समझौते का आदान-प्रदान किया।
आधुनिक शहरी विकास की दिशा में बड़ा कदम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह समझौता बिहार के शहरी विकास के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा। राज्य में भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक, सुव्यवस्थित और विश्वस्तरीय सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएंगी, जहां लोगों को बेहतर आवास, आधुनिक नागरिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण जीवन उपलब्ध होगा।
उन्होंने बताया कि इन टाउनशिप का विकास लगभग 3 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में किया जाएगा। भूमि अधिग्रहण की जगह लैंड पुलिंग मॉडल अपनाया जाएगा, जिससे किसान भी विकास प्रक्रिया में भागीदार बन सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो किसान मुआवजे के लिए आवेदन करेंगे, उन्हें 30 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
₹7 लाख करोड़ तक निवेश का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार HUDCO के माध्यम से ₹1 लाख करोड़ का निवेश करेगी, जबकि लगभग ₹6 लाख करोड़ का अतिरिक्त निवेश निजी और अन्य बाहरी स्रोतों से आने की संभावना है। इससे बिहार में बड़े पैमाने पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और शहरी बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार होगा।
रोजगार और आर्थिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना से बिहार के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। निर्माण कार्यों के विस्तार के साथ प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाखों रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे। साथ ही निजी और संस्थागत निवेश को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होंगी नई टाउनशिप
प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप में आधुनिक सड़क नेटवर्क, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था, बिजली, हरित क्षेत्र, शिक्षा संस्थान, स्वास्थ्य सुविधाएं, वाणिज्यिक केंद्र और अन्य आवश्यक सामाजिक अधोसंरचना विकसित की जाएगी। सरकार का उद्देश्य लोगों को विश्वस्तरीय शहरी जीवन उपलब्ध कराना है।
संतुलित और समावेशी शहरीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार योजनाबद्ध, संतुलित और समावेशी शहरीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। HUDCO के साथ हुआ यह समझौता राज्य को आधुनिक शहरी विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से बिहार में 35 प्रतिशत शहरीकरण के लक्ष्य को प्राप्त करने में भी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण समझौते के लिए HUDCO और नगर विकास एवं आवास विभाग को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी राज्य के विकास में HUDCO का सहयोग मिलता रहेगा।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार तथा HUDCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने मुख्यमंत्री का हरित पौधा, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव संदीप कुमार आर. पुडकलट्टी, विशेष सचिव नीलेश रामचंद्र देवड़े, HUDCO के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
