कहा, एहतियात के तौर पर सभी प्रबंध मुकम्मल, जिले से गुजरने वाली नदियों और नालों पर 24 घंटे निगरानी
स्वास्थ्य मंत्री द्वारा बरसाती पानी की निकासी के प्रबंधों की समीक्षा हेतु बड़ी नदी, एसटीपी, दौलतपुर, फलौली सहित कई स्थानों का दौरा
Punjab News: पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज बरसाती पानी की निकासी से संबंधित जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की और बड़ी नदी पर बनाए जा रहे एसटीपी, दौलतपुर, गुरुद्वारा साहिब फलौली, बड़ी नदी पुल (राजपुरा रोड), गोबिंद बाग और हीरा बाग का दौरा कर हालात का जायज़ा लिया। उनके साथ वरिष्ठ डिप्टी मेयर हरिंदर कोहली, स्थानीय पार्षद और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।
ये भी पढ़ें:Punjab News: वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कर्मचारी यूनियनों से उनके मुद्दों के समाधान के लिए की बैठकें

डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि भले ही पटियाला में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी जरूरी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश के चलते पंजाब के कई जिलों में बाढ़ आई हुई है, लेकिन पटियाला जिले से गुजरने वाली सभी नदियों और नालों, बड़ी और छोटी नदियों में पानी का स्तर खतरे के निशान से काफी नीचे है। इसलिए पटियाला निवासी घबराएं नहीं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पटियाला जिले से गुजरने वाली नदियों और नालों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है और आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमें (Emergency Response Teams) भी गठित की गई हैं। इसके अतिरिक्त, बाढ़ नियंत्रण कक्ष के नंबर 0175-2350550 और 2358550 भी 24 घंटे कार्यशील हैं, ताकि जल निकासी संबंधी किसी भी समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य के अन्य जिलों में आई गंभीर बाढ़ों से सबक लेते हुए ये कदम उठाए जा रहे हैं।
डॉ. बलबीर सिंह ने अपने दौरे के दौरान एसटीपी तक जाने वाले रास्ते की सफाई कराने और एसटीपी के कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। फलौली के पास एक किनारे को भरने के निर्देश दिए गए ताकि पानी अपने रास्ते से आसानी से बह सके। इसके अलावा, फलौली में एक बड़ा तालाब बनाने के साथ-साथ नदी के किनारे और भी आधा दर्जन तालाब बनाए जाएंगे, ताकि नदी के उफान की स्थिति में 40 से 50 हजार क्यूसेक पानी को संभाला जा सके। उन्होंने दौलतपुर में नए पुल के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और जनता की सुविधा के लिए बनाए गए अस्थायी रास्ते को दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे पानी के प्राकृतिक रास्तों पर अवैध कब्जा न करें, वरना गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
ये भी पढ़ें: Punjab: पूरे राज्य में बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24×7 सक्रिय, लोग आपात स्थिति में तुरंत संपर्क करें: बृजिंदर कुमार गोयल
मीटिंग में डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव, नगर निगम कमिश्नर परमवीर सिंह, एडीसी नवरीत कौर सेखों और अमरिंदर सिंह टिवाना, ड्रेनेज विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे। कैबिनेट मंत्री के दौरे के दौरान ओम प्रकाश शर्मा, राकेश सकलानी, मोहित कुमार, ज्योति मर्वाहा और कुलवंत लालका समेत अन्य नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह बरसाती पानी की निकासी प्रबंधों का जायज़ा लेते हुए। उनके साथ वरिष्ठ डिप्टी मेयर हरिंदर कोहली और अन्य अधिकारी भी नज़र आ रहे हैं।
