Punjab News: पंजाब की भगवंत मान सरकार ने सरकारी नौकरियों के क्षेत्र में एक नया रिकॉर्ड बनाया है। 16 मार्च 2022 से लेकर अब तक सरकार हर दिन औसतन 45 युवाओं को सरकारी नौकरी दे रही है। चार साल से भी कम समय में 63,027 युवाओं को रोजगार मिल चुका है, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
जालंधर के पीएपी ग्राउंड में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 1,746 नए पुलिस कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ये नौकरियां किसी पर एहसान नहीं बल्कि युवाओं का हक हैं।
1,746 नए कांस्टेबलों को मिला नियुक्ति पत्र
इस कार्यक्रम में जिला कैडर के 1,261 और सशस्त्र कैडर के 485 कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह युवाओं के जीवन की नई शुरुआत है और वे अब पंजाब की सुरक्षा और विकास में भागीदार बनेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार के कार्यकाल में कई युवाओं को दो-दो और तीन-तीन सरकारी नौकरियां भी मिली हैं, क्योंकि सभी भर्तियां पूरी तरह मेरिट और पारदर्शिता के आधार पर की गई हैं।
मेरिट और पारदर्शिता से हो रही भर्ती
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने साफ कहा कि पंजाब में अब सिफारिश या रिश्वत से नौकरी नहीं मिलती। सभी नियुक्तियां प्रतियोगी परीक्षाओं के जरिए होती हैं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने युवाओं की काबिलियत को नजरअंदाज किया, लेकिन उनकी सरकार योग्य युवाओं को उनका हक दिला रही है।
पंजाब पुलिस हुई और मजबूत
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले चार वर्षों में 10,264 युवाओं को पंजाब पुलिस के विभिन्न पदों पर भर्ती किया गया है। इससे राज्य की कानून व्यवस्था और भी मजबूत हुई है। पंजाब पुलिस देश की सीमाओं की रक्षा के साथ-साथ आंतरिक सुरक्षा में भी अहम भूमिका निभा रही है।
नशों, साइबर अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ जंग
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब नशे के खिलाफ एक बड़ी लड़ाई लड़ रहा है। ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के तहत ड्रग तस्करों को जेल भेजा जा रहा है और उनकी अवैध संपत्तियों को तोड़ा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पंजाब पहला राज्य है जिसने ‘बाज़ आंख’ एंटी-ड्रोन सिस्टम शुरू किया है, जिससे सीमा पार से ड्रग्स और हथियारों की तस्करी रोकी जा रही है।
साइबर क्राइम पर भी सख्त नजर
मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब का स्टेट साइबर क्राइम विंग देश में सबसे बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और उसे डिजिटल एविडेंस कॉन्फ्रेंस 2025 में एक्सीलेंस अवॉर्ड भी मिला है।
सड़क सुरक्षा में भी बड़ी सफलता
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बनाए गए रोड सेफ्टी फोर्स से मौतों में 48% तक की कमी आई है। इस पहल की भारत सरकार ने भी तारीफ की है।
युवाओं से सीएम की अपील
मुख्यमंत्री ने नए भर्ती हुए जवानों से कहा कि वे ईमानदारी, मेहनत और सेवा भावना से काम करें। जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दें और पंजाब को सुरक्षित और खुशहाल बनाने में योगदान दें।
