Greater Noida west: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की स्वच्छ रैंकिंग प्रतियोगिता में आवासीय वर्ग में सेक्टर-1 स्थित स्टेलर वन सोसायटी ने पहला स्थान प्राप्त किया। स्टेलर जीवन दूसरे और एडब्ल्यूएचओ टाउनशिप तीसरे स्थान पर रहे। गैर-आवासीय श्रेणी में प्रज्ञान स्कूल ने प्रथम, डीपीएस स्कूल ने द्वितीय और बैनेट यूनिवर्सिटी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
विजेताओं को दी गई लाखों की पुरस्कार राशि
दोनों श्रेणियों में प्रथम स्थान पाने वालों को एक-एक लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वालों को 75-75 हजार रुपये तथा तीसरे स्थान पर रहने वालों को 50-50 हजार रुपये प्रदान किए गए। प्रत्येक श्रेणी में दो-दो सांत्वना पुरस्कार भी घोषित किए गए।
आवासीय वर्ग में एल्डिको मैस्टिक ग्रींस अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन (ओमिक्रोन-1) और पूर्वांचल सिल्वर सिटी-2 को सांत्वना पुरस्कार मिला। वहीं गैर-आवासीय वर्ग में बेथानी कॉन्वेंट स्कूल और क्राउन प्लाजा, सूरजपुर को सम्मानित किया गया। इन सभी को 25-25 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई।
सिटी पार्क में हुआ सम्मान समारोह
सभी विजेताओं को सिटी पार्क में आयोजित पुष्प प्रदर्शनी के मंच से सम्मानित किया गया। दादरी विधायक तेजपाल नागर और प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने पुरस्कार वितरित किए। विधायक ने कहा कि पुष्प हमारे जीवन के हर महत्वपूर्ण अवसर से जुड़े होते हैं और ऐसे आयोजन शहर की सुंदरता को बढ़ाते हैं।
उन्होंने प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार, ओएसडी और अन्य अधिकारियों की सराहना की।
हरियाली और स्वच्छता बनाए रखने की अपील
एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने प्रतिभागियों और शहरवासियों का आभार जताते हुए ग्रेटर नोएडा में हरियाली बढ़ाने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने बल्क वेस्ट जेनरेटरों से परिसर में निकलने वाले कचरे का उचित निस्तारण करने का आग्रह भी किया।
चार दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी में उमड़ी भीड़
26 फरवरी से 1 मार्च तक सिटी पार्क में आयोजित चार दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी में 50 से अधिक किस्मों के लगभग 70 हजार फूल प्रदर्शित किए गए। इस प्रदर्शनी को देखने के लिए जिले भर से तीन लाख से अधिक लोग पहुंचे। समापन अवसर पर प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
