मुख्यमंत्री ने गैर-जिम्मेदाराना बयान देने और मीडिया में सुर्खियां बटोरने के लिए नाटक करने पर कांग्रेस नेताओं की आलोचना की
बाबा सीचेवाल गंदे तालाबों का पानी साफ कर सकते हैं, लेकिन इन नेताओं की गंदी सोच को नहीं
विपक्षी दल के नेता ने मुख्यमंत्री बनने की लालसा में मानसिक संतुलन खो दिया
शहीद भगत सिंह को कांग्रेस सरकार के दौरान भारत रत्न क्यों नहीं दिया गया?
पंजाब को अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार की पहलें गिनाई
Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरुवार को कांग्रेस नेताओं, विशेष रूप से विपक्ष के नेता, पर गैर-जिम्मेदाराना और अप्रासंगिक बयान देने तथा मीडिया में सुर्खियां बटोरने के लिए नाटक करने का आरोप लगाया।
विधानसभा सत्र के दौरान सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग सत्र में बाधा डालने के आदी हैं, वे मीडिया का ध्यान आकर्षित करने के लिए मामूली मुद्दों पर अक्सर वाकआउट कर देते हैं। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष 1999 से पर्यावरण के लिए काम कर रहे प्रसिद्ध पर्यावरणविद् बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल की छवि पर सवाल उठा रहा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि 1975 की विश्व कप विजेता हॉकी टीम विधानसभा की गैलरी में मौजूद है।
ये भी पढ़े: Punjab: पंजाब के स्कूलों को लेकर वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने किया बड़ा ऐलान..जानें क्या होगा बड़ा बदलाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा सीचेवाल की डिग्रियों पर सवाल उठाने वाले यह भूल गए हैं कि उनके अपने नेता राहुल गांधी के पास भी कैंब्रिज की डिग्री है, लेकिन उन्होंने देश के लिए कुछ भी ठोस योगदान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग महंगे स्कूलों जैसे दून, सनावर आदि से पढ़ाई कर मुख्यमंत्री बने, उन्होंने राज्य या देश के लिए कुछ खास नहीं किया। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह नेता यह भूल जाते हैं कि बिना किसी पेशेवर डिग्री के भी कोई व्यक्ति जनसेवा का उत्कृष्ट कार्य कर सकता है और बाबा सीचेवाल इसका प्रत्यक्ष उदाहरण हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सच है कि बाबा सीचेवाल गंदे तालाबों का पानी साफ कर सकते हैं, लेकिन वे इन नेताओं की गंदी मानसिकता को साफ नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने की लालसा में विपक्ष के नेता अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि बाबा सीचेवाल के कार्यों को भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने भी सराहा था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फेसबुक के मालिक ने भी कॉलेज से ड्रॉपआउट किया था और उनके पास कोई डिग्री नहीं है, लेकिन कांग्रेस नेता उन्हीं के बनाए प्लेटफार्मों का इस्तेमाल हमें गालियां देने के लिए करते हैं। उन्होंने तंज कसा कि कांग्रेस का एक हिस्सा सत्र से वाकआउट कर गया, जबकि कुछ नेता सत्र में मौजूद रहे, जिससे यह स्पष्ट होता है कि कांग्रेस विभाजित हो चुकी है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि जो लोग कहते हैं कि पंजाब सरकार दिल्ली से चलाई जाती है, वे भूल जाते हैं कि उनके काम राजस्थान, छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों से चलते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पंजाबियों का सम्मान नहीं करती, बल्कि हमेशा उनका अपमान करती आई है और संत सीचेवाल के खिलाफ उनका रवैया इसी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पद्मश्री पुरस्कार विजेता संत सीचेवाल के खिलाफ इस तरह की दुर्भावना निंदनीय और अनुचित है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि जहां ये नेता उनके खिलाफ अनर्गल बयानबाजी करते हैं, वहीं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई नेता मार्गदर्शन के लिए बाबा सीचेवाल के पास जाते हैं।
पंजाब सरकार की पहलें
मुख्यमंत्री ने कहा कि 153 ब्लॉकों में से 117 ब्लॉक डार्क ज़ोन में चले गए थे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने कभी भी भूजल को बचाने का कोई प्रयास नहीं किया और पांच दरियाओं की इस धरती पर किसानों को नहरों के अंतिम छोर तक पानी कभी नहीं मिला। भगवंत सिंह मान ने कहा कि ‘आप’ सरकार ने सत्ता संभालने के बाद राज्य में 15,947 नहरों को पुनर्जीवित किया है, जिससे दूर-दराज के गांवों में भी पानी पहुंचा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के ठोस प्रयासों के चलते भूजल स्तर बढ़ने लगा है और केंद्र सरकार की रिपोर्ट के अनुसार इसमें एक मीटर की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त नीति अपनाई है और किसी भी भ्रष्ट अधिकारी को बख्शा नहीं जा रहा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि हर भ्रष्ट अधिकारी पर नकेल कसी जाएगी और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर दिन पंजाब की पुरानी शान बहाल करने और जनता की राय के आधार पर राज्य का समग्र विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ‘रंगला पंजाब विकास योजना’ हर जिले में स्थानीय जरूरतों को पूरा करने के लिए शुरू की गई है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस योजना के लिए प्रत्येक जिले को पांच करोड़ रुपये का वार्षिक फंड आवंटित किया गया है, जिसे डिप्टी कमिश्नर (डी.सी.) द्वारा प्रबंधित किया जाएगा और यह राशि विधायकों, सामाजिक संगठनों, नागरिक समूहों और जनहितैषी नागरिकों की सिफारिशों के आधार पर खर्च की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फंड सड़कें और पुलों के निर्माण व मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, क्लीनिक, अस्पताल, स्कूल, पानी, स्वच्छता और अन्य क्षेत्रों के लिए रखा गया है, जो राज्य के समग्र विकास में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि पहली बार राज्य में विकास कार्यों को गति देने के लिए ऐसा प्रबंध किया गया है, जिससे आम आदमी को बड़ा लाभ मिलेगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि बजट में ‘रंगला पंजाब विकास योजना’ के लिए 585 करोड़ रुपये (प्रति विधानसभा क्षेत्र पांच करोड़ रुपये) का प्रस्ताव रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सत्ता संभालने के केवल 36 महीनों में ही युवाओं को 52,606 नौकरियां देकर इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के समग्र विकास के लिए कड़ी मेहनत कर रही है, जिसके लिए योग्य और युवा उम्मीदवारों की जरूरत है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इसी उद्देश्य से सरकार ने व्यापक भर्ती अभियान शुरू किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने घरों को मुफ्त बिजली प्रदान की है, जिससे 90% घरों को लाभ मिल रहा है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पहली बार राज्य सरकार ने राज्य को अतिरिक्त बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक निजी कंपनी से पावर प्लांट खरीदा है।
शहीद भगत सिंह को भारत रत्न देने की मांग का जिक्र करते हुए भगवंत सिंह मान ने कहा कि विपक्षी नेताओं को इस बात का जवाब देना चाहिए कि जब उनकी पार्टी सत्ता में थी, तो उस समय ऐसा क्यों नहीं किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन महान शहीदों को भारत रत्न देने से इस सम्मान की गरिमा और बढ़ेगी। भगवंत सिंह मान ने दुख व्यक्त किया कि दुर्भाग्यवश स्वतंत्रता के 75 वर्षों के बाद भी इन राष्ट्रीय नायकों को यह सम्मान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि भारत रत्न सम्मान देने के लिए देश के प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति द्वारा चयन किया जाता है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के दो पूर्व प्रधानमंत्रियों ने इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए अपने ही नामों की सिफारिश कर दी थी।
ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25

