Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य के गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए “मेरी रसोई योजना” की शुरुआत की है। इस योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों के रसोई खर्च को कम करना और लोगों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में यह योजना लाखों परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
मुख्यमंत्री ने संगरूर जिले के गांव भलवान से इस योजना की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार केवल घोषणाएं नहीं कर रही, बल्कि लोगों तक सीधा लाभ पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत राज्य के करीब 40 लाख गरीब, दलित और पिछड़े वर्ग के परिवारों को मुफ्त राशन किट दी जाएगी।
राशन किट में मिलेंगी जरूरी खाद्य सामग्री
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि हर तीन महीने में लाभार्थी परिवारों को विशेष राशन किट दी जाएगी। इस किट में 2 किलो चने की दाल, 2 किलो चीनी, 1 किलो नमक, 200 ग्राम हल्दी और 1 लीटर सरसों का तेल शामिल होगा। सरकार का कहना है कि यह किट परिवारों की रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का खास ध्यान महिलाओं और बच्चों की जरूरतों पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि पौष्टिक भोजन बच्चों के स्वास्थ्य और पढ़ाई के लिए बेहद जरूरी है। सरकार चाहती है कि कोई भी बच्चा कुपोषण का शिकार न हो।
सरकार ने दूसरी योजनाओं का भी किया जिक्र
भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार लगातार लोगों के जीवन को आसान बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पंजाब के लगभग 90 प्रतिशत घरों को अब जीरो बिजली बिल मिल रहा है। इसके अलावा किसानों को दिन में बिजली आपूर्ति और नहरी पानी की सुविधा भी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने “मावां-धीयां सम्मान योजना” और “मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना” का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि महिलाओं को आर्थिक सहायता देने और लोगों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है। राज्य में लाखों हेल्थ कार्ड भी जारी किए जा चुके हैं।
बेअदबी कानून और विकास कार्यों पर भी बोले CM
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बेअदबी विरोधी कानून का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी और अन्य धार्मिक ग्रंथों के सम्मान की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि नए कानून से बेअदबी की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई संभव होगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बिजली की तारों को जमीन के नीचे डालने का काम भी तेजी से किया जा रहा है। सरकार आने वाले समय में पूरे पंजाब को “खंभा मुक्त” बनाने की दिशा में काम कर रही है।
लोगों में दिखा उत्साह
योजना की शुरुआत के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कई लोगों ने सरकार की इस पहल को गरीब परिवारों के लिए बड़ी मदद बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का उद्देश्य हर जरूरतमंद परिवार तक राहत पहुंचाना और पंजाब को खुशहाल बनाना है।
