Punjab News: 649वें प्रकाश पर्व से 650वें महोत्सव तक, पंजाब सरकार ने शुरू किया ऐतिहासिक सफर

पंजाब
Spread the love

Punjab News: पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने श्री गुरु रविदास जी महाराज के 649वें प्रकाश पर्व के अवसर पर वर्षभर चलने वाले राज्य स्तरीय समारोहों की शुरुआत कर दी है। इन आयोजनों के माध्यम से वर्ष 2027 में मनाए जाने वाले ऐतिहासिक 650वें प्रकाश पर्व की तैयारियों का भी औपचारिक आगाज़ हो गया है।

श्री खुरालगढ़ साहिब में तीन दिवसीय समागम

श्री गुरु रविदास जी महाराज के तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब में 649वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय समागम की शुरुआत की गई। समागम का शुभारंभ श्री अखंड साहिब जी के पाठ के साथ हुआ, जो 6 फरवरी तक चलेगा। अंतिम दिन श्री अखंड साहिब जी के भोग डाले जाएंगे।

समागम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत समाज और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में धार्मिक मर्यादा, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

मुख्यमंत्री करेंगे गुरु चरणों में अरदास

समागम के अंतिम दिन मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान श्री खुरालगढ़ साहिब में मत्था टेकेंगे और श्री गुरु रविदास जी महाराज से पंजाब में शांति, समृद्धि, सद्भाव और भाईचारे के लिए अरदास करेंगे। सरकार का कहना है कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं आज के समय में समाज को जोड़ने का काम करती हैं।

वर्षभर गांव-गांव पहुंचेगा गुरु रविदास जी का संदेश

पंजाब सरकार ने श्री गुरु रविदास जी महाराज की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वर्षभर चलने वाला विशेष अभियान शुरू किया है। यह अभियान श्री खुरालगढ़ साहिब से लेकर राज्य के हर गांव तक चलेगा। इसके तहत सामाजिक समानता, भाईचारे और मानवता के संदेश को मजबूत किया जाएगा।

650वें प्रकाश पर्व की भव्य तैयारी

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि वर्ष 2027 में श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व ऐतिहासिक और भव्य रूप से मनाया जाएगा। 649वें प्रकाश पर्व से ही पूरे साल चलने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में भी पहुंचाया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी उनके जीवन और विचारों से प्रेरणा ले सके।

खुरालगढ़ साहिब पूरे देश की आस्था का केंद्र

कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि श्री खुरालगढ़ साहिब न केवल पंजाब, बल्कि पूरे देश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का बड़ा केंद्र है। यहां आयोजित समागम समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं।

कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं जाति और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने का संदेश देती हैं, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

सामाजिक समरसता का संदेश

अन्य मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने भी कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज का जीवन समानता, सेवा और मानव कल्याण का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं।