Punjab News: पंजाब के हक़ पर फिर खामोशी, केंद्रीय बजट पर मुख्यमंत्री भगवंत मान नाराज़

पंजाब
Spread the love

Punjab News: आम आदमी पार्टी पंजाब ने केंद्रीय बजट 2026 को पंजाब के लिए निराशाजनक बताया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों ने कहा कि यह बजट न किसानों को राहत देता है, न युवाओं को रोजगार की उम्मीद और न ही राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का कोई ठोस रास्ता दिखाता है।

पंजाब को बजट से फिर मिली निराशा: मुख्यमंत्री भगवंत मान

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि केंद्रीय बजट एक बार फिर पंजाब की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। उन्होंने साफ कहा कि बजट में न तो किसानों के लिए एमएसपी की कोई गारंटी है, न युवाओं के लिए रोजगार का भरोसा और न ही उद्योगों या टैक्स सिस्टम को लेकर कोई राहत दी गई है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र ने पंजाब की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

पंजाब अपने दम पर मजबूत बनेगा: सीएम मान

सीएम मान ने कहा कि पंजाबी मेहनती और जुझारू हैं। केंद्र सरकार की अनदेखी के बावजूद आम आदमी पार्टी की सरकार और पंजाब के लोग मिलकर राज्य को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएंगे।

किसानों को फिर धोखा मिला: वित्त मंत्री हरपाल चीमा

पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि केंद्रीय बजट ने पंजाब और हरियाणा के किसानों को एक बार फिर निराश किया है। उन्होंने बताया कि एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई और न ही मंडी व खेती से जुड़े ढांचे को मजबूत करने के लिए कोई ठोस सहायता दी गई है।

उत्तर भारत के किसानों की अनदेखी का आरोप

हरपाल चीमा ने कहा कि बजट में नारियल, काजू, चंदन और सूखे मेवों जैसी फसलों की बात की गई, लेकिन उत्तर भारत के उन किसानों के लिए कुछ नहीं किया गया जो गेहूं और धान जैसी फसलों पर निर्भर हैं। उन्होंने इसे किसानों के साथ भेदभाव बताया।

एमएसपी और फसल विविधीकरण पर चुप्पी: कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुडियां

कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुडियां ने कहा कि बजट में गेहूं और धान के अलावा एमएसपी को लेकर कोई साफ रोडमैप नहीं है। उन्होंने कहा कि फसल विविधीकरण के लिए भी कोई ठोस पैकेज नहीं दिया गया और बाढ़ से प्रभावित किसानों के लिए भी कोई राहत नहीं रखी गई।

बजट सिर्फ निराशा लेकर आया: अमन अरोड़ा

मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि केंद्रीय बजट में किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम लोगों के लिए कोई ठोस कदम नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पंजाब के साथ सौतेली मां जैसा व्यवहार कर रही है और राज्य के लिए किसी बड़े प्रोजेक्ट का प्रावधान नहीं किया गया।

पंजाब के साथ खुला भेदभाव: कुलदीप सिंह धालीवाल

आप के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि बजट में न एमएसपी की गारंटी है, न रोजगार का भरोसा और न ही पंजाब के विकास के लिए कोई बड़ा प्रोजेक्ट। उन्होंने कहा कि इतनी कुर्बानियों के बावजूद पंजाब को उसका हक नहीं दिया जा रहा।

किसानों के अधिकारों से वंचित रखा गया: लालजीत सिंह भुल्लर

मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि बजट में एमएसपी, फसल विविधीकरण और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए कोई गंभीर प्रावधान नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार पर किसान विरोधी रवैये का आरोप लगाया।

बजट में कोई विजन नहीं: लाल चंद कटारुचक

मंत्री लाल चंद कटारुचक ने कहा कि जिस पंजाब ने देश का अन्न भंडार भरा, उसके लिए बजट में न कोई दिशा है और न कोई कल्याणकारी योजना। उन्होंने इसे केंद्र की किसान विरोधी सोच बताया।

पंजाब के अधिकारों पर केंद्र की चुप्पी: डॉ. रवजोत

मंत्री डॉ. रवजोत ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि को लेकर बड़े दावों के बावजूद पंजाब को बजट में कोई खास मदद नहीं दी गई। उन्होंने इसे पंजाब की जानबूझकर अनदेखी बताया।

बड़े दावे, खोखली हकीकत: नील गर्ग

आप नेता नील गर्ग ने बजट की तुलना पंजाबी कहावत “पटिया पहाड़, निकलेआ चूहा” से की। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े दावों के बावजूद पंजाब के किसानों, युवाओं और आम लोगों को कोई असली राहत नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट बड़े कॉर्पोरेट घरानों के पक्ष में है और आम लोगों की जरूरतों को नजरअंदाज किया गया है।