Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ को मिलेगा केंद्रीय बजट का सीधा लाभ: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट 2026-27 को देश के उज्ज्वल और विकसित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट कर्तव्य भवन में प्रस्तुत किया गया पहला बजट है, जिसमें देश के हर वर्ग के विकास और कल्याण को केंद्र में रखा गया है। बजट में आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और जनकल्याण को प्राथमिकता दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया गया यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिलाएं, मध्यम वर्ग और श्रमिकों के लिए लाभकारी साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस बजट से छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को सीधा फायदा मिलेगा।

कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया बल

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में कृषि और ग्रामीण विकास को मजबूत करने के लिए कई अहम फैसले लिए गए हैं। किसानों की आय बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग किया जाएगा। पशुपालन और डेयरी उद्योग को प्रोत्साहन देने की भी योजना है।

महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के तहत स्थानीय उद्योग, कुटीर उद्योग और हस्तशिल्प को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर

मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में युवाओं के रोजगार पर खास ध्यान दिया गया है। स्टार्टअप, एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। पर्यटन के विकास से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में काम मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इस बजट के कारण विदेश यात्रा और विदेशों में पढ़ाई भी पहले की तुलना में सस्ती होगी, जिससे युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।

स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी पहल

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बजट को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे कैंसर, डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी।

इसके साथ ही जिला अस्पतालों के उन्नयन, हर जिले में इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर की स्थापना, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आयुर्वेदिक चिकित्सा को बढ़ावा देने की योजना है। मेडिकल टूरिज्म के लिए राज्यों में पांच क्षेत्रीय हब भी बनाए जाएंगे।

महिला सशक्तिकरण को मिलेगा बढ़ावा

लखपति दीदी योजना के विस्तार के जरिए महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ा जाएगा। महिलाओं को आसान ऋण सुविधा दी जाएगी ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

इसके अलावा हर जिले में बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण की घोषणा की गई है, जिससे लड़कियों को उच्च शिक्षा में मदद मिलेगी।

उद्योग, शिक्षा और खेल में निवेश

मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े बुनियादी ढांचे की योजनाएं शामिल हैं। सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, बीस नए जलमार्ग, बड़े टेक्सटाइल पार्क और चार राज्यों में खनिज कॉरिडोर की घोषणा की गई है।

सेमीकंडक्टर मिशन के लिए 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश से उद्योग और रोजगार को नई गति मिलेगी। शिक्षा सुधार और खेलो इंडिया मिशन से बच्चों और युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे।

टैक्स सुधार और आम जनता को राहत

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में आयकर प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। छोटे करदाताओं को राहत दी गई है। दवाइयां, कपड़े, जूते, मोबाइल, ईवी बैटरी, सोलर उपकरण, बायोगैस और सीएनजी जैसी कई जरूरी वस्तुएं सस्ती होंगी, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।

समावेशी विकास की दिशा में बजट

अंत में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ की भावना को और मजबूत करता है। यह बजट छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में समावेशी और संतुलित विकास सुनिश्चित करेगा।

उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण का इस जनकल्याणकारी बजट के लिए आभार व्यक्त किया।