Punjab News: ईटीओ विवाद पर आम आदमी पार्टी का शक्ति प्रदर्शन, कांग्रेस पर दलित विरोधी सोच का आरोप

पंजाब
Spread the love

Punjab News: आम आदमी पार्टी (आप) ने कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा और प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग की टिप्पणियों के विरोध में चंडीगढ़ में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कैबिनेट मंत्री, विधायक, चेयरमैन और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। विरोध के दौरान ‘बैंड-बाजा’ के साथ बाजवा के आवास का घेराव किया गया।

दलित और मेहनतकश समाज के अपमान का आरोप

‘आप’ नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियां दलित और मेहनतकश वर्ग का अपमान हैं। कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि उनके पिता बैंड मास्टर थे और उन्होंने ईमानदारी से काम कर अपने बच्चों को पढ़ाया। मेहनत से आगे बढ़ने वालों का मजाक उड़ाना पूरे गरीब समाज का अपमान है।

ईटीओ बोले—मेहनत को नीचा दिखाने की कोशिश

हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि उन्होंने सरकारी स्कूल से पढ़ाई की और कड़ी मेहनत के दम पर आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को यह बात हजम नहीं हो रही कि आम और गरीब परिवारों के लोग मंत्री बनकर काम कर रहे हैं।

राजा वड़िंग के बयान पर कड़ा ऐतराज

ईटीओ ने राजा वड़िंग के कथित बयान का जिक्र करते हुए कहा कि खुले मंच से हिंसक भाषा का इस्तेमाल लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। उन्होंने इसे गुंडागर्दी करार देते हुए चेतावनी दी कि अगर माफी नहीं मांगी गई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सुरिंदर कौर ने कहा—कोई भी काम छोटा नहीं

मंत्री ईटीओ की पत्नी सुरिंदर कौर ने कहा कि किसी के पैतृक काम का मजाक उड़ाना गलत है। उन्होंने कहा कि बैंड बजाने जैसा काम भी सम्मानजनक है और मेहनत से जुड़ा है। ऐसे बयानों से कांग्रेस की सोच सामने आती है।

परिवारवाद के खिलाफ ‘आप’ की राजनीति: हरपाल चीमा

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने परिवारवाद की राजनीति को तोड़ा है। पार्टी ने आम घरों के पढ़े-लिखे युवाओं को आगे बढ़ने का मौका दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य दल आज भी वंशवाद की सोच से बाहर नहीं आ पाए हैं।

दलित विरोधी मानसिकता उजागर: डॉ. बलबीर

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के बयान उनकी दलित विरोधी मानसिकता को उजागर करते हैं। मेहनतकश लोगों को नीचा दिखाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

2027 में जनता देगी जवाब

विधायक इंदरजीत कौर और शैरी कलसी ने कहा कि कांग्रेस की दलित विरोधी और परिवारवादी सोच का जवाब पंजाब की जनता 2027 के चुनाव में देगी। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे बयानों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान तनाव, वाटर कैनन का इस्तेमाल

प्रदर्शन के दौरान ‘आप’ नेताओं और पुलिस के बीच झड़प हुई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए और कुछ नेताओं को हिरासत में लिया गया।