Punjab News: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कहा कि केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने खुद यह स्वीकार कर लिया है कि अगर बादल परिवार के साथ गठबंधन होता है, तो पंजाब में ड्रग्स और गैंगस्टरवाद फिर से लौट आएगा। पन्नू ने कहा कि यह सिर्फ एक राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि पंजाब के पिछले काले दौर की खुली सच्चाई है।
2007–17 और 2017–22 की सरकारों का सच हुआ उजागर
चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बलतेज पन्नू ने कहा कि बिट्टू के बयान ने 2007 से 2017 तक के अकाली-भाजपा शासन और 2017 से 2022 तक की कांग्रेस सरकार की नाकामी को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि इन दोनों ही दौरों में पंजाब को नशे और गैंगस्टर संस्कृति की ओर धकेला गया।
सुनील जाखड़ और कैप्टन अमरिंदर पर गंभीर सवाल
पन्नू ने कहा कि आज पंजाब भाजपा की कमान पूर्व कांग्रेसी सुनील जाखड़ के हाथ में है और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। दोनों ही नेता कहते हैं कि भाजपा बादल परिवार के बिना पंजाब में मजबूत नहीं हो सकती।
उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सभी जानते हैं कि पंजाब में नशा और गैंगस्टरवाद किस दौर में फैला, तो फिर बादलों के साथ गठबंधन की इतनी बेचैनी क्यों है?
अकाली-भाजपा राज में नशा और गैंगस्टरवाद चरम पर
बलतेज पन्नू ने याद दिलाया कि 2007 से 2017 के अकाली-भाजपा शासन में पंजाब में नशा तस्करी और गैंगस्टर कल्चर अपने चरम पर था। इसी दौरान ‘चिट्टा’ जैसे खतरनाक ड्रग्स का बोलबाला हुआ।
उन्होंने नाभा जेल ब्रेक, पुलिसकर्मियों पर हमले और फरीदकोट जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि यह वही दौर था जब कानून व्यवस्था पूरी तरह कमजोर हो गई थी।
कांग्रेस सरकार में भी नहीं हुई कोई ठोस कार्रवाई
पन्नू ने 2017 से 2022 की कांग्रेस सरकार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर बिट्टू को पहले से पता था कि नशा और गैंगस्टरवाद के पीछे कौन जिम्मेदार है, तो कांग्रेस सरकार के दौरान कोई सख्त कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल आपस में एक-दूसरे को बचाते रहे।
Punjab News: गुटका साहिब की कसम भी साबित हुई खोखली
पन्नू ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने नशा खत्म करने के बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन वे सिर्फ कागजों तक सीमित रहे। गुटका साहिब की कसम तक निभाई नहीं गई और नशा माफिया पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
आप सरकार में नशा और गैंगस्टर के खिलाफ सख्त एक्शन
बलतेज पन्नू ने कहा कि 2022 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद हालात बदले हैं।
उन्होंने बताया कि ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ अभियान चलाया जा रहा है और पंजाब पुलिस बिना किसी राजनीतिक दबाव के ड्रग तस्करों और गैंगस्टरों पर कार्रवाई कर रही है।
पंजाब की जनता अब सब समझ चुकी है
पन्नू ने कहा कि रवनीत बिट्टू को दूसरों पर सवाल उठाने की बजाय अपनी पार्टी के नेताओं से जवाब मांगना चाहिए, जो बादल परिवार के साथ गठबंधन की वकालत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब जागरूक है और राज्य को बर्बाद करने वालों को दोबारा मौका नहीं देगी।
