Chhattisgarh News: 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिलेगी सरकारी नौकरी, सीएम विष्णुदेव साय ने चयन प्रक्रिया को दी मंजूरी

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय समिति की बैठक में वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन को अंतिम मंजूरी दे दी गई। चयनित खिलाड़ियों की सूची अब सामान्य प्रशासन विभाग को भेजी जाएगी, जिसके अधिसूचित होने के बाद उन्हें शासकीय सेवा में नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू होगी।

20 खेलों के 156 खिलाड़ियों का चयन

मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित समिति के अन्य सदस्यों ने प्राप्त आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की। निर्धारित मानकों के आधार पर 20 विभिन्न खेलों के कुल 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित करने के लिए पात्र पाया गया। लंबे समय से इस सूची का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों के लिए यह निर्णय बड़ी राहत लेकर आया है।

सरकारी सेवा के साथ मिलेगा खेलों में योगदान का अवसर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयनित खिलाड़ियों को पात्रता के अनुसार शासकीय सेवा में नियुक्त करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों का अनुभव और उपलब्धियां नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा हैं। इसलिए उनकी सेवाओं का उपयोग खेल प्रशिक्षण, प्रतिभा संवर्धन और युवा खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में भी किया जाना चाहिए।

आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर संसाधनों पर सरकार का फोकस

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि ऐसी मजबूत खेल व्यवस्था विकसित करना है, जहां गांव से लेकर राज्य स्तर तक प्रतिभाओं की समय पर पहचान हो और उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर संसाधन तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के अवसर मिलें।

उन्होंने अधिकारियों को खेल गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा खिलाड़ियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के निर्देश भी दिए।

खेल अधोसंरचना को मिल रही नई मजबूती

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विस्तार, आधुनिक सुविधाओं के विकास और नई खेल अकादमियों की स्थापना पर लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य ऐसे खिलाड़ियों को तैयार करना है जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करें।

उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित खिलाड़ी भविष्य में प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

182 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची में जुड़ेंगे नए नाम

बैठक में बताया गया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 182 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया जा चुका है। वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए आमंत्रित आवेदनों की जांच के बाद 156 खिलाड़ियों को पात्र पाया गया है। अधिसूचना जारी होने के बाद इन खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्त करने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू कर दी जाएगी।