मलेरिया और अन्य बीमारियों के खतरे को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में भेजी गई फॉगिंग मशीनें
रूपनगर के 50% बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष गिरदावरी का कार्य पूरा – हरजोत बैंस
डॉ. बलबीर सिंह और डॉ. बलजीत कौर ने बाढ़ पीड़ितों को दी आर्थिक सहायता
लालजीत सिंह भुल्लर ने पट्टी में राहत सामग्री वितरित की
लाल चंद ने भोआ हलके के गांवों में आवश्यक वस्तुएं बाँटीं
फाजिल्का और मोहाली जिलों में भी विधायकों द्वारा राहत सामग्री वितरित
Punjab News: पंजाब सरकार द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य युद्ध स्तर पर चलाए जा रहे हैं। बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य, पशुपालन और अन्य विभागों का पूरा अमला दिन-रात जुटा हुआ है। पंजाब के शिक्षा एवं सूचना और जनसंपर्क मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि डिप्टी कमिश्नर रूपनगर वर्जीत वालिया के साथ बैठक कर बाढ़ के दौरान हुए नुकसान की समीक्षा की गई है और विशेष गिरदावरी का कार्य 50 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें: Punjab: पंजाब आपका कर्जदार है, बाढ़ पीड़ितों की मदद करने वाले समाज सेवियों का मुख्यमंत्री द्वारा धन्यवाद

उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य लगातार चल रहे हैं। बैंस ने कहा कि मलेरिया और अन्य बीमारियों के खतरे को देखते हुए फॉगिंग मशीनें भेजी जा रही हैं। बड़े गांवों में ये मशीनें लगातार चलाई जाएंगी और मेडिकल कैंप भी नियमित रूप से लगाए जाएंगे। पशु चिकित्सक टीमें लगातार क्षेत्र में पशुओं का इलाज और टीकाकरण कर रही हैं। बैंस ने बताया कि सभी गांवों के रास्ते खोल दिए गए हैं ताकि आवाजाही में कोई दिक्कत न हो। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और राहत तथा बचाव कार्यों के लिए टीमें तैनात की गई हैं।
उधर, पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने विधायक गुरदीप सिंह रंधावा के साथ जिला गुरदासपुर के बाढ़ प्रभावित गांव देहरीवाल किरण, रंसीके टिल्ला, खुशहालपुर, रत्ता और शाहपुर जाजन का दौरा किया। इस मौके पर डॉ. बलबीर सिंह ने अपनी निजी आमदनी और साथियों के सहयोग से बाढ़ पीड़ित परिवारों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए। वहीं, सामाजिक सुरक्षा मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने मलोट में बारिश के कारण जिन घरों की छतें गिर गई थीं, उन घरों के मालिकों को मौके पर ही निजी तौर पर पैसे देकर आर्थिक सहायता दी। उन्होंने बताया कि वे लगातार मलोट शहर के वार्डों और गांवों में रहकर लोगों की देखभाल कर रही हैं।
कैबिनेट मंत्री पंजाब लालजीत सिंह भुल्लर ने विधानसभा हलका पट्टी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दरियाई पानी से प्रभावित विभिन्न गांवों के लोगों को आवश्यक राहत सामग्री, जरूरी वस्तुएं और पशुओं के लिए चारा, फीड और चोकर आदि वितरित किए। इस दौरान वे गांव भाऊवाल में बाढ़ पीड़ितों के लिए खोले गए अस्थायी राहत कैंप में पहुंचे। कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने हलका भोआ के गांव सिहोड़ा में बाढ़ पीड़ितों को आवश्यक वस्तुएं वितरित कीं। प्रत्येक परिवार को दो फोल्डिंग खाटें, दो गद्दे, एक गैस सिलेंडर और एक मच्छरदानी दी गई।
ये भी पढ़ें: Punjab News: प्राकृतिक आपदा में भी केंद्र ने किया सौतेला व्यवहार: Aman Arora

मोहाली जिले के डेराबस्सी हलके के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने राम तलैया, डेराबस्सी में लगभग 150 प्रभावित और जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। फाजिल्का के विधायक नरिंदर पाल सिंह सवना ने गांव महात्मा नगर में बाढ़ पीड़ितों का हाल जाना और राहत सामग्री वितरित की। वहीं फाजिल्का की डिप्टी कमिश्नर अमरप्रीत कौर संधू द्वारा भी प्रभावित लोगों को 15,070 राशन किटें वितरित की गईं और पशुपालकों के जानवरों के लिए 6,236 पैकेट कैटल फीड बांटे गए।
