CM मान बोले- पंजाबियत का मतलब है एक-दूसरे के दुख में साथ खड़ा होना
Punjab Flood: पहाड़ों पर भारी बारिश के चलते पंजाब की नदियां इन दिनों उफान पर हैं और कई जिलों में बाढ़ का कहर जारी है। कई गांव डूब चुके हैं और किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। इस संकट की घड़ी में बीएसएफ लगातार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम कर रही है। वहीं सीएम भगवंत मान (CM Bhagwant Mann) ने प्रशासन के साथ पूरी कैबिनेट को भी फील्ड पर उतार दिया है। अब आम आदमी पार्टी ने अपने यूथ और महिला विंग को भी राहत कार्यों में उतारकर सेवा की मिसाल पेश की है। पढ़िए पूरी खबर…

यूथ और महिला विंग राहत कार्यों में सबसे आगे
पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राज्य सरकार द्वारा भेजी जा रही राहत सामग्री को समय पर जरूरतमंदों तक पहुंचाने में आम आदमी पार्टी के यूथ और महिला विंग के वॉलंटियर्स प्रशासन का हाथ बंटा रहे हैं। पार्टी के अनुसार, वर्तमान में ये वॉलंटियर्स नाभा से लेकर पठानकोट और गुरदासपुर तक राहत सामग्री से भरे वाहनों को प्रभावित लोगों तक पहुंचा रहे हैं।
ये भी पढ़ेंः Punjab: पंजाब के IAS और PCS अधिकारी बाढ़ राहत कार्यों के लिए देंगे एक दिन का वेतन
गांव-गांव तक पहुंच रही मदद
यूथ क्लब के नौजवान सदस्य कंधों पर बोरे उठाकर राहत सामग्री गांव-गांव पहुंचा रहे हैं। वहीं महिला विंग की कार्यकर्ता बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच जाकर महिलाओं और बच्चों की विशेष जरूरतों का ध्यान रख रही हैं। इस सक्रियता से प्रभावित परिवारों को न सिर्फ मदद मिल रही है बल्कि उन्हें मानसिक संबल भी मिल रहा है।

सीएम मान ने की सराहना
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राहत कार्यों में यूथ और महिला विंग की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब के युवाओं और महिलाओं को केवल मंच ही नहीं देती, बल्कि उन्हें सामाजिक बदलाव का वाहक भी बनाती है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में उनकी मौजूदगी ने यह भरोसा दिलाया है कि पंजाब की जनता अपने लोगों को कभी अकेला नहीं छोड़ेगी।
ये भी पढ़ेंः Punjab: पंजाब स्कूलों में “उद्यमिता” को मुख्य विषय के रूप में शामिल करने वाला पहला राज्य बना
पंजाबियत की असली ताकत
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक प्रतिबद्धता नहीं बल्कि पंजाबियत की असली ताकत है एक-दूसरे के दुख में साथ खड़े होना। उन्होंने कहा कि बाढ़ ग्रस्त इलाकों में सरकार के प्रयासों में पार्टी के यूथ और महिला विंग की सक्रिय भागीदारी प्रशंसनीय है और उनकी मौजूदगी ने पीड़ित परिवारों के मन में विश्वास जगाया है कि पंजाब हमेशा अपने लोगों के साथ खड़ा रहेगा।
