गिरोह होटल्स को बनाता था ड्रग्स डंप, वहीं से होती थी आगे सप्लाई: डीजीपी गौरव यादव
तस्कर सोनी सिंह की जानकारी पर चार और साथी गिरफ्तार: पुलिस आयुक्त गुरप्रीत भुल्लर
Punjab News: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित और नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत, आयुक्तालय पुलिस अमृतसर ने एक बड़े ड्रग्स तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए कुख्यात तस्कर सोनी सिंह उर्फ सोनी और उसके चार साथियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8.1 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोमवार को दी।
ये भी पढ़ें: Punjab News: वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने 16 क्लर्कों को सौंपे नियुक्ति पत्र

गिरफ्तार किए गए अन्य चार तस्करों की पहचान गुरसेवक सिंह, विशालदीप सिंह उर्फ गोला, गुरप्रीत सिंह और अर्शदीप सिंह के रूप में हुई है, जो सभी अमृतसर के अजनाला क्षेत्र के निवासी हैं। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि यह गिरोह पाकिस्तान से संचालित हो रहा था और ड्रग्स की बड़ी खेप ड्रोन के माध्यम से भारत में भेजी जा रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह होटलों का इस्तेमाल ड्रग्स डंप के तौर पर करता था और वहीं से नेटवर्क में आगे सप्लाई होती थी। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे की कड़ियाँ जोड़ने के लिए जांच जारी है ताकि हैंडलर्स, सप्लाई चैन और वित्तीय नेटवर्क का भी खुलासा किया जा सके।
पुलिस आयुक्त (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने ऑपरेशन की जानकारी देते हुए बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने शहर के बाहरी इलाके से ड्रग तस्कर सोनी सिंह को 150 ग्राम हेरोइन और ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि सोनी, जिस पर एनडीपीएस एक्ट के तहत 6 मामले दर्ज हैं और जो जून में जेल से बाहर आया था, अब तक ड्रोन के माध्यम से आई करीब 30 किलोग्राम हेरोइन की सप्लाई कर चुका है।
ये भी पढ़ें: Punjab: पीएम दौरे से पहले डॉ. बलबीर सिंह ने साझा किया 780 करोड़ का स्वास्थ्य नुकसान, केंद्र से तुरंत सहायता की मांग
सीपी ने बताया कि सोनी के खुलासे पर उसके सहयोगी गुरसेवक सिंह को नामजद कर गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 8.037 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। गुरसेवक शहर में खेपों की डिलीवरी का काम संभाल रहा था। आगे की जांच में सोनी के बाकी सक्रिय सदस्यों को भी नामजद कर गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि मामले में आगे जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां व बरामदगियाँ संभव हैं। इस संबंध में एफआईआर नंबर 177, दिनांक 06-09-2025 को थाना छेहर्ता, अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-बी, 27-ए, 21-सी और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
