Punjab

Punjab: वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने हल्का दिड़बा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना की तीन एंबुलेंसें

पंजाब राजनीति
Spread the love

मेडिकल टीमें अगले 15 दिनों तक मुफ्त जांच और दवाइयां प्रदान करेंगी

गंभीर मामलों में मरीजों को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा जाएगा

पंजाब सरकार बाढ़ पीड़ितों को बेहतर मुआवज़ा देने के लिए वचनबद्ध – हरपाल सिंह चीमा

Punjab News: पंजाब के वित्त मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने आज हल्का दिड़बा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से रेस्ट हाउस, संगरूर से तीन एंबुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि डॉक्टरों, नर्सों और फार्मासिस्टों से लैस ये एंबुलेंसें बाढ़ के बाद उत्पन्न स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटेंगी और लोगों को जलजनित व अन्य बीमारियों से बचाएंगी। उन्होंने बताया कि इन एंबुलेंसों के माध्यम से अगले 15 दिनों तक मुफ्त जांच और दवाइयां दी जाएंगी, और गंभीर मामलों में मरीजों को आगे के इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा जाएगा।

ये भी पढ़ें: Punjab: पंजाब सरकार की SSF नें बचाईं 37000 जानें

इस मौके पर बातचीत करते हुए। हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार बाढ़ पीड़ितों को बेहतर मुआवज़ा देने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। उन्होंने आगे कहा कि कैबिनेट की स्वीकृति के बाद आपदा प्रबंधन अधिनियम, माइनिंग अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनों में आवश्यक संशोधन आगामी सत्र में पेश किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाली पूरी सरकार और आम आदमी पार्टी बाढ़ प्रभावित परिवारों की भलाई के लिए समर्पित है, और यह सत्र उस वचनबद्धता को दर्शाएगा।

“रंगला पंजाब चढ़दी कला फंड” के तहत चलाई जा रही सहायता मुहिम को सफल बताते हुए वित्त मंत्री चीमा ने कहा कि दुनिया भर के पंजाबियों द्वारा दिया जा रहा भारी योगदान सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयासों को बल दे रहा है। इस मुश्किल समय में सहायता देने के लिए प्रवासी भारतीयों का धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा कि यह फंड उन परिवारों का हौसला बढ़ाएगा जिन्होंने प्राकृतिक आपदा के कारण भारी नुकसान झेला है।

ये भी पढ़ें: Punjab: CM मान का आम आदमी को बड़ा तोहफ़ा,पंजाब सरकार ने घटाए रोज़मर्रा के डेयरी उत्पादों के दाम

वित्त मंत्री ने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार बाढ़ प्रभावित आबादी की सहायता के लिए हर संभव कदम उठाएगी, जिसका उद्देश्य पंजाब को मजबूत और खुशहाल बनाना है। इस मौके पर वित्त मंत्री के ओएसडी एडवोकेट तपिंदर सिंह सोही, स्वास्थ्य विभाग की टीमें और बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।