AAP ministers and MLAs held press conferences in all districts against deletion of names from ration list

Punjab: आप मंत्रियों-विधायकों ने राशन सूची से नाम काटने के खिलाफ केंद्र सरकार पर बोला हमला

पंजाब राजनीति
Spread the love

कहा – भाजपा और केंद्र सरकार 55 लाख पंजाबियों का मुफ्त राशन बंद करने के लिए रच रही साजिश

वोट चोरी के बाद अब भाजपा का नया हथकंडा है- राशन चोरी, हम इसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देंगे

आप सरकार पंजाब के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध, हम किसी का भी राशनकार्ड रद्द नहीं होने देंगे

Punjab, चंडीगढ़, आम आदमी पार्टी के मंत्रियों और विधायकों ने मुफ्त राशन सूची से पंजाब के लोगों नाम काटने के खिलाफ आज सभी जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए केन्द्र सरकार पर तीखा हमला बोला।अपने प्रेस कांफ्रेंस में आप नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा और केंद्र सरकार 55 लाख पंजाबियों का मुफ्त राशन बंद करने के लिए साजिश रच रही है। वह पंजाब के लोगों और यहां के किसानों को परेशान करने के लिए ऐसा कर कर रही है। लेकिन हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे और एक भी पंजाबी का नाम मुफ्त राशन सूची से नहीं काटने देंगे।

रविवार को आप पंजाब के अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, मंत्री हरपाल चीमा, हरभजन सिंह ईटीओ, लालजीत भुल्लर, डॉ बलजीत कौर, तरूणप्रीत सोंध, डॉ बलबीर सिंह, डॉ रवजोत, हरदीप मुंडियां और मोहिंदर भगत समेत दर्जनों आप विधायकों ने सभी जिला मुख्यालयों में मीडिया को संबोधित किया और केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए गंभीर चिंता व्यक्त की।

आप नेताओं ने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार केवाइसी का बहाना बनाकर जुलाई में 23 लाख पंजाबियों का राशन बंद कर दिया।अब 32 लाख और लोगों का राशन 30 सितंबर से बंद करने की धमकी दे रही है। यह सरासर पंजाब के साथ अन्याय है और आम लोगों को बेवजह परेशान की कोशिश है। हम इसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेंगे। पंजाब में जब तक आम आदमी पार्टी की सरकार है, हम एक भी राशन कार्ड रद्द नहीं होने देंगे।

उन्होंने कहा कि केंद्र का फैसला पूरी तरह पंजाब विरोधी और गरीबी विरोधी है। मुफ्त राशन गरीबों के लिए एक बड़ा सहारा है। इसे बंद करने की बात सोचना भी एक बड़ा पाप है। एक आप नेता ने बताया कि केन्द्र सरकार 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देने का दावा करती है, लेकिन पंजाब में वह 55 लाख लोगों का राशन कार्ड रद्द करने की योजना बना रही है। आखिर पंजाब के लोगों से भाजपा को इतनी नफ़रत क्यों है? उन्होंने कहा कि वोट चोरी के बाद अब भाजपा का नया हथकंडा है- राशन चोरी।