Prasar Bharti: मशहूर गीतकार और लेखक प्रसून जोशी प्रसार भारती से जुड़ गए हैं। प्रसून जोशी को सूचना-प्रसारण मंत्रालय ने नया चेयरमैन नियुक्त किया है। प्रसार भारती भारत का सार्वजनिक सेवा प्रसारक है, जिसके अंतर्गत दूरदर्शन और आकाशवाणी आते हैं।
जोशी क्रिएटिव जगत का एक जाना-पहचाना नाम हैं, जिन्होंने साहित्य, विज्ञापन, सिनेमा और पब्लिक कम्युनिकेशन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके लिखे गाने, विज्ञापन अभियान और सामाजिक कहानियाँ उनकी पहचान हैं, जो सीधे आम लोगों के दिलों से जुड़ती हैं।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त की है, उन्होंने कहा कि प्रसून जोशी की विज्ञापन, साहित्य, कला और सिनेमा में वैश्विक पहचान है। मंत्री ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में प्रसार भारती को नई ऊर्जा, विजन और रचनात्मक दिशा मिलेगी।
इससे पहले, प्रसून जोशी अगस्त 2017 से सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) के चेयरमैन भी रह चुके हैं, जहाँ उन्होंने फिल्म उद्योग के साथ मिलकर सर्टिफिकेशन प्रक्रिया को मजबूत किया।
वे McCann World Group India के CEO और एशिया पैसिफिक के चेयरमैन भी रहे हैं। इसके अतिरिक्त, वे 2016 से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (IGNCA) के ट्रस्टी भी हैं।
माना जा रहा है कि अपने व्यापक अनुभव और रचनात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रसून जोशी प्रसार भारती को ऐसे समय में नई दिशा दे सकते हैं, जब पब्लिक ब्रॉडकास्टिंग तेजी से बदलती तकनीक और दर्शकों की प्राथमिकताओं के दौर से गुजर रही है।
