Pavitra Rishta: टेलीविजन इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस प्रिया मराठे का रविवार सुबह निधन हो गया है।
Pavitra Rishta: टेलीविजन इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस प्रिया मराठे (Priya Marathe) का रविवार सुबह निधन हो गया है। बता दें कि 38 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाली प्रिया लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं। उनकी असामयिक मौत से टीवी और बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।

मीरा रोड स्थित घर में ली अंतिम सांस
रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रिया मराठे (Priya Marathe) ने मीरा रोड स्थित अपने घर में सुबह 4 बजे अंतिम सांस ली। वो बीते कुछ सालों से कैंसर से जंग लड़ रही थीं। एक समय उनके स्वास्थ्य में सुधार के संकेत मिले थे, लेकिन हाल ही में उनकी हालत बिगड़ गई और इलाज का असर होना बंद हो गया। आखिरकार रविवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।
मुंबई में जन्मी और पली-बढ़ी
प्रिया मराठे (Priya Marathe) का जन्म 23 अप्रैल 1987 को मुंबई में हुआ था। पढ़ाई-लिखाई भी यहीं पूरी करने के बाद उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखने का सपना देखा। कॉलेज खत्म होते ही उन्होंने छोटे पर्दे का रुख किया और मराठी धारावाहिक ‘या सुखानोया’ और ‘चार दिवस सासुचे’ से अपना सफर शुरू किया।
‘पवित्र रिश्ता’ से मिली पहचान
प्रिया मराठे (Priya Marathe) को सबसे ज्यादा लोकप्रियता ज़ी टीवी के शो ‘पवित्र रिश्ता’ से मिली थी, जिसमें उन्होंने अंकिता लोखंडे की ऑनस्क्रीन बहन वर्षा सतीश का किरदार निभाया था। उनका यह किरदार नेगेटिव था लेकिन दर्शकों ने उन्हें काफी पसंद किया था। उनके निधन की खबर से फैन्स और इंडस्ट्री के लोग स्तब्ध हैं।
टीवी करियर की शुरुआत और चर्चित शोज
प्रिया मराठे (Priya Marathe) ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत 2005 में मराठी टीवी शो ‘या सुखानो या’ से की थी। इसके बाद उन्होंने साल 2008 में ‘कसम से’ से हिंदी टेलीविज़न में एंट्री की, जहां वह विद्या बाली के किरदार में नजर आईं। इसके बाद वह ‘उतरन’, ‘कॉमेडी सर्कस’, ‘बड़े अच्छे लगते हैं’, ‘साथ निभाना साथिया’, ‘आयुष्मान भवः’, और ‘भागे रे मन’ जैसे कई पॉपुलर शोज़ का हिस्सा रहीं।
ये भी पढ़ेंः Jio: Jio का ख़ास चश्मा, कॉलिंग, फोटोग्राफी के साथ वीडियो भी कर सकते रिकॉर्ड
थिएटर से लेकर टेलीविजन तक का सफर
थिएटर बैकग्राउंड से आने वाली प्रिया मराठे (Priya Marathe) ने एक्टिंग में अपनी पहचान खुद बनाई। उन्होंने कई मराठी सीरियल्स में भी काम किया और टीवी के साथ-साथ थिएटर में भी सक्रिय रहीं। उन्होंने इतिहास पर आधारित शो ‘भारत का वीर पुत्र – महाराणा प्रताप’ में भी अभिनय किया था। साल 2008 में रिलीज हुई हिंदी फिल्म ‘हमने जीना सीख लिया’ और गोविंद निहलानी निर्देशित मराठी फिल्म ‘ती आणि इतर’ में भी वे नजर आईं। इस फिल्म में उनके साथ सोनाली कुलकर्णी, अमृता सुभाष और सुबोध भावे जैसे दिग्गज कलाकार थे।
पर्सनल लाइफ और सोशल मीडिया से दूरी
प्रिया मराठे ने 2012 में शांतनु मोघे से शादी की थी, जो दिग्गज अभिनेता श्रीकांत मोघे के बेटे हैं। उनकी निजी ज़िंदगी काफी शांत रही और उन्होंने सोशल मीडिया से भी दूरी बना ली थी। उन्होंने अंतिम इंस्टाग्राम पोस्ट साल 2023 में किया था, जिसके बाद से वह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिखाई नहीं दीं।
ये भी पढ़ेंः Manoj Tumu: कौन हैं 23 साल के मनोज तुमु जिन्हें मेटा ने दिया करोड़ों का पैकेज?
इंडस्ट्री और फैंस में शोक
प्रिया मराठे के अचानक निधन से टीवी इंडस्ट्री और उनके फैंस सदमे में हैं। सभी उन्हें एक टैलेंटेड और पॉपुलर एक्ट्रेस के रूप में याद कर रहे हैं और श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
