Noida News: नोएडा में इंजीनियर युवराज मेहता की मौत के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार की तेज कार्रवाई से मृतक के पिता राजकुमार मेहता ने संतोष जताया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा विशेष जांच टीम (SIT) बनाए जाने से उन्हें न्याय की उम्मीद मिली है। उनका विश्वास है कि इस जांच से उनके बेटे को जरूर न्याय मिलेगा।
सरकार की कार्रवाई से परिवार को भरोसा
राजकुमार मेहता ने कहा कि योगी सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और उन्हें पूरा सहयोग मिलने का भरोसा दिया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से एक बार मुलाकात करने की इच्छा भी जताई है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें मानसिक शांति मिलेगी।

घटनास्थल पर बढ़ाई गई सुरक्षा
मृतक के पिता ने बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए घटनास्थल पर जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है, ताकि दोबारा किसी की जान खतरे में न पड़े।
तीन सदस्यीय एसआईटी कर रही जांच
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद ADG जोन मेरठ के नेतृत्व में तीन सदस्यीय SIT का गठन किया गया। यह टीम पांच दिनों के भीतर जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपेगी।
बिल्डर की गिरफ्तारी, प्रशासन पर भी कार्रवाई
पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपी बिल्डर अभय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। अभय कुमार रियल एस्टेट कंपनी एमजेड विजटाउन प्लानर्स लिमिटेड के सीईओ हैं। उनके खिलाफ लापरवाही, गैर इरादतन हत्या और जान जोखिम में डालने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
इसके साथ ही योगी सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए नोएडा प्राधिकरण के सीईओ को पद से हटा दिया है। वहीं, ट्रैफिक सेल के अवर अभियंता नवीन कुमार को भी तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है।
